एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर वीडियो में दर्द बयां करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
young man committed suicide नरसिंहपुर. नगर से लगे ग्राम खैरीकला में एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर वीडियो में दर्द बयां करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। वीडियो में 30 वर्षीय प्रमोद उर्फ ऋषि पिता पतिराम मेहरा ने आत्महत्या से पहले अपनी पीड़ा बयान करते हुए पत्नी व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए, न्याय की गुहार लगाई। कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया है।
बताया जाता है कि प्रमोद उर्फ ऋषि गांव में ही स्थित एक निजी स्कूल में इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। वीडियो में प्रमोद यह कहते हुए दिख रहा है कि 8 तारीख को पत्नी से उसका मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोग पत्नी को अपने साथ ले गए। उसने आरोप लगाया कि इसके बाद ससुराल वालों ने पत्नी को वापस भेजने से साफ इनकार कर दिया और यहां तक कहा कि तू मर जाएगा तो भी हम नहीं आएंगे। वीडियो में प्रमोद ने यह भी कहा कि उसकी दो छोटी बेटियां हैं, जिन्हें भी उससे दूर रखा जा रहा है। उसने साले सोहन, ससुर, जेठ-सास और जीतू नामक व्यक्ति पर उसे लगातार भडक़ाने, मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और उसका घर तोडऩे के आरोप लगाए। वीडियो में प्रमोद भावुक दिखाई देता है और बार-बार अपने साथ हो रहे अन्याय की बात कहता है। कहता है कि मुझे बच्चे भी नहीं दिए, परसो लेने गया था, कल उसने बोल दिया कि तू मर जाएगा तो भी साथ नहीं जाएंगे, मेरे को न्याय मिलना चाहिए।
मामले में प्रमोद की मां कुसुम बाई ने बताया कि मंगलवार को प्रमोद अपनी पत्नी को लेने ससुराल बगासपुर गया था। वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। बुधवार रात करीब 9 बजे प्रमोद ससुराल से लौटकर घर आया। घटना के समय परिवार पिपसरा गांव में था। इसी दौरान छोटे बेटे का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि प्रमोद ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन खैरी नाका स्थित घर पहुंचे, जहां प्रमोद पलंग पर मृत अवस्था में मिला। पुलिस मौके पर मौजूद थी और बाद में शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो और परिजनों के बयान जांच का आधार बनाए जा रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी।