जिले के प्रसिद्ध मकर संक्रांति बरमान मेले में आने वाले व्यापारियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 350 जवानों का बल लगेगा
Makar Sankranti Barman Fair नरसिंहपुर. जिले के प्रसिद्ध मकर संक्रांति बरमान मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। मेले में आने वाले व्यापारियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 350 जवानों का बल लगेगा, जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मेला स्थल पर पुलिस थाना बनाकर कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। जहां से मेले के हर कोने, लाइन समेत घाटों की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सफाई व्यवस्था से लेकर आवागमन के लिए हर सुविधा बनाने जोरशोर से कार्य चल रहा है। जगह-जगह चेजिंग रूम रखे जा रहे हैं, अस्थाई शौचालय भी रखे जा रहे हैं। मेला स्थल की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों द्वारा विशेष निगरानी रखने के साथ ही निरंतर सफाई अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
सैंकड़ों वर्ष पुराने संक्रांति मेले में देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा प्रदेश भर से व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान लगाए हैं और व्यापारियों के आने का सिलसिला निरंतर बना है। जिससे मेला स्थल पर दुकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेला स्थल पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष संकेतक, रैलिंग लगाई जा रही है। जिससे श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं।
बरमान मेले का शुभारंभ 12 जनवरी को
संक्रांति मेले का शुभारंभ 12 जनवरी को किया जाएगा। प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते व नर्मदापुरम सांसद चौ. दर्शन सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में बरमान मेले का शुभारंभ कार्यक्रम अपरान्ह 3 बजे से होगा। कार्यक्रम की अध्यता तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल करेंगे। आयोजन में कई जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि शामिल होंगे।
मेला स्थल पर लगेगी विभागीय प्रदर्शनी
मेला स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसकी तैयारियां भी निरंतर चल रही हैं। वहीं मेला स्थल पर ही अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। जिससे लोगों को उपचार लाभ तत्काल मिल सके।
सघन चैकिंग एवं निगरानी शुरू, प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
बरमान मेले एवं मकर संक्रांति के त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था एवं लोक शांति बनाए रखने होटल, लॉज एवं धर्मशालाओं की सघन चैकिंग व निगरानी शुरू हो गई है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी रजनी सिंह ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। किसी भी अतिथि को बिना वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र जैसे आधार, पैन, वोटर आइडी, पासपोर्ट आदि के कमरा आवंटित नहीं किया जाएगा। प्रवेश, निकास और लॉबी क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे चालू होना चाहिए और कम से कम 30 दिनों का वीडियो बैकअप अनिवार्य किया गया है। संदिग्ध बैग या भारी सामान लाने वाले व्यक्तियों की मैन्युअल या मेटल डिटेक्टर से जांच करने कहा है।
वर्जन
मेले में करीब 350 जवानों का बल लगेगा, बाहर से भी कंपनी बुलाई जा रही है। कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी रखी जाएगी। मेला स्थल को कवर करने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। निरंतर जांच कराई जा रही है।
संदीप भूरिया, एएसपी नरसिंहपुर