struggle for basic necessities नरसिंहपुर. शहर के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड का भटिया टोला में वर्षो बाद भी मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर नहीं हो पा रही है। टोला और उसके वाशिंदे आज भी विकास की मुख्यधारा से कटे हुए नजर आ रहे हैं। यहां वर्षों पहले विस्थापित होकर बसे परिवार अब तक मूलभूत सुविधाओं के […]
struggle for basic necessities नरसिंहपुर. शहर के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड का भटिया टोला में वर्षो बाद भी मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर नहीं हो पा रही है। टोला और उसके वाशिंदे आज भी विकास की मुख्यधारा से कटे हुए नजर आ रहे हैं। यहां वर्षों पहले विस्थापित होकर बसे परिवार अब तक मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पक्की सडक़, नाली और स्वच्छ पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं न मिलने से यहां के लोगों की जिंदगी मुश्किलों में घिरी हुई है। वहीं सीवर लाइन का कार्य अधूरा पड़ा है।
भटिया टोला की स्थिति बरसात में और बदतर हो जाती है, जब कच्चे रास्ते दलदल में तब्दील हो जाते हैं और घरों से निकलना तक चुनौती बन जाता है। नालियों के अभाव में गंदा पानी घरों के आसपास जमा रहता है, जिससे मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बना रहता है। वहीं पेयजल की कमी के चलते लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। कचरा उठाने के लिए भी वाहन नियमित नहीं आता है। पंचमुखी हनुमान मंदिर वाली रोड तो बन रही है जिससे यहां आने में सहूलियत होगी लेकिन टोला के अंदर जो सडक़ें कच्ची हैं उनका निर्माण कब होगा यह कोई नहीं बता रहा है। शहर के बीच बसे इस क्षेत्र की यह तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
सांकल रोड से हटाए गए परिवार हुए हैं विस्थापित
टोला में कई ऐसे परिवार हैं जो सांकल रोड से हटाए गए थे और यहां उनका विस्थापन हुआ है। यहां जो शासन की योजना से आवास बने हैं, उनकी हालत खराब है। कई आवास दरक रहे हैं। घरों के आसपास कटीली झाडियां ऊगी है और गंदगी के ढेर लगे हैं। लोगों की शिकायत है कि वार्ड की समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है। बारिश के पहले यदि यहां सडक़-नालियों का कार्य नहीं हुआ तो आने वाली बारिश के दौरान लोगों को फिर नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
वर्जन
वार्ड और टोला में सुविधाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। हनुमान मंदिर से टोला तक सीसी रोड का कार्य चल रहा है। टोला के अंदर सडक़-नाली बनाने प्रपोजल बनाकर परिषद में रखा जाएगा। सीवर लाइन कार्य जल्दी कराने और सफाई वाहन नियमित पहुंचाने संबंधितों को निर्देश देंगे।
नीलम चौहान, सीएमओ नगरपालिका नरसिंहपुर