
Narsinghpur News :मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सूबे के नरसिंहपुर दौरे पर हैं। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया, साथ ही सिंगल क्लिक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि का अंतरण भी किया है।
कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों को 213.41 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक पर खातों में ट्रांसफर की।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय सांदीपनि स्कूल बस सेवा का शुभारंभ करते हुए की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर छात्रों के लिए चलाई जाने वाली स्कूल बस को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीणों को संपत्ति के अधिकार अभिलेख भी वितरित किए। साथ ही, विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ सौंपे।
सीएम मोहन ने जिले में 42.52 करोड़ रुपए की लागत से तैयार शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। साथ ही, जिले को करीब 95 करोड़ रुपए की लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जल जीवन मिशन के तहत जिले के 50 गांवों में 23.17 करोड़ रुपए की लागत से नल से जल पहुंचाने की योजना का भी उल्लेख किया। 4 सड़कों और शासकीय हाईस्कूल कल्याणपुर का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां हुई हैं और जल्द ही एक लाख से अधिक नए पदों पर भर्तियां भी होंगी। साल 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और उस साल पीएससी की परीक्षा दो बार आयोजित करने की भी योजना है। उन्होंने अगले साल 12 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की भी बात कही है।
पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए दीपावली के मौके पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में पशुपालक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार एक लाख, दूसरा 50 हजार और तीसरा 25 हजार रुपए होगा। सरकार ने प्रदेश में दूध उत्पादन को मौजूदा 12 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसद तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।