नरसिंहपुर

‘भैय्या..मैंने FIR नहीं की, मैं थाने गया ही नहीं’…. नरसिंहपुर में पुलिस का गड़बड़झाला !

Police FIR Controversy: गाडरवारा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, जिस व्यक्ति की शिकायत पर FIR दर्ज की वो बोला- मैंने कोई एफआईआर नहीं की, न ही थाने गया।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 4:41 PM IST
Gadarwara Police FIR Controversy
gadarwara police fir complainant denies filing complaint, गाडरवारा पुलिस स्टेशन व बाबूलाल रजक (Source-Patrika)

Gadarwara Police FIR Controversy: मध्यप्रदेश में एक बार फिर खाकी को कठघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। घटना नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा की है। यहां पुलिस ने चक्काजाम किए जाने के बाद बीते दिनों 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, लेकिन हैरानी की बात ये है कि जिस व्यक्ति की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है, उसे ही इस बात का पता नहीं है वो किसी मामले में शिकायतकर्ता है। इतना ही नहीं उसका साफ-साफ कहना है कि न तो वो थाने गया है और न ही कोई एफआईआर दर्ज कराई है, जिससे पुलिस के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर की बुनियाद ही सवालों के घेरे में है।

पहले पूरा मामला समझिए

बीते 15 नवंबर की रात गाडरवारा में 23 वर्षीय शिवकुमार जाटव की हाईवा वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। अगले दिन परिजनों ने शव स्टेट हाईवे पर रखकर करीब पांच घंटे प्रदर्शन किया। हाईवा पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग उठी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद भी दी। इसके बाद इसके बाद 17 नवंबर की रात करीब दो बजे गाडरवारा पुलिस ने 11 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इनमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पति सुरेंद्र पटेल उर्फ मझले भैया, गौतम पटेल, भाजपा नेता मनोज दुबे और किसान नेता रोहित ढिमोले सहित 12 लोगों को आरोपी बनाया गया।

एफआईआर पर उठ रहे सवाल?

पुलिस ने जो FIR दर्ज की है उसके मुताबिक बाबूलाल रजक नाम के एंबुलेंस ड्राइवर ने थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन बाबूलाल रजक का कहना है कि वो थाने गया ही नहीं और न ही उसने कोई शिकायत या एफआईआर कराई है। इतना ही नहीं बाबूलाल ने ये भी बताया कि वो जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया उन्हें जानता तक नहीं है। पुलिस की FIR के शिकायतकर्ता बाबूलाल रजक के इस बयान से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के नाम से आवेदन तैयार कर एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस थानेे में दर्ज FIR व फरियादी द्वारा दिया गया आवेदन (Source-Patrika)

झूठी एफआईआर करने वालों पर कार्रवाई की मांग

बाबूलाल रजक ने मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव, डीजीपी मध्यप्रदेश, एसपी नरसिंहपुर और मानव अधिकार आयोग के नाम आवेदन देकर उसके नाम दर्ज कथित फर्जी एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है। बाबूलाल ने गाडरवारा थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की 17 नवंबर की रात की रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखने की मांग की है। ताकि यह जांच हो सके कि एफआईआर में जिस शिकायतकर्ता के थाने पहुंचने का दावा किया गया, क्या वह वास्तव में थाने पहुंचा भी था या नहीं? वहीं इस खुलासे के बाद एफआईआर में आरोपी बनाए गए कांग्रेस नेता सुरेंद्र पटेल उर्फ मझले भैया ने भी पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एसपी से थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Updated on:
22 Nov 2026, 4:41 PM IST
Published on: