
नरसिंहपुर। सुभाष पार्क चौराहा स्थित पुलिस सहायता केंद्र भी इस गर्मी का शिकार हो गया है। दोपहर १२ बजे के बाद तेज धूप होते ही यह सूना हो जाता है और फिर शाम ४-५ बजे तक इसमें कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आता। इस बीच यदि किसी को पुलिस की मदद की जरूरत मिल जाए तो उसे निराशा ही हाथ लगेगी। दूसरी ओर इस केंद्र की हालत यह हो गई है कि इसमें अवांछित वस्तुएं तक पाई जा रही हैं। जिससे ऐसा प्रतीत होने लगा है कि खुद पुलिस को ही अपने केंद्र की सुरक्षा की जरूरत है।
गौरतलब है कि यह सहायता केंद्र ऐसे स्थान पर है जहां से हर राजनीतिक और अन्य सामाजिक कार्यक्रम व प्रदर्शनों की शुरुआत होती है। कोई भी कार्यक्रम या तो सुभाष पार्क चौराहे से शुरू होता है या फिर सामने स्थित जनपद मैदान से। इस सहायता केंद्र से हर तरह की गतिविधि पर नजर रखी जाती है जिसकी वजह से पुलिस को स्थिति को नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। शाम होते ही यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी आते हैं और कुछ देर बैठते हैं जिससे असामाजिक तत्वों में भय बना रहता है वहीं सामान्य जन को पुलिस का सहारा मिलता है । फिलहाल यह पुलिस चौकी उपयोगी तो है लेकिन खुद पुलिसकर्मियों के लिए इसमें कोई सुविधाएं नहीं हैं । बाहर जहां केवल कुर्सियां पड़ी हुई हैं वहीं अंदर कक्ष में गंदगी नजर आती है । मोदी के स्वच्छता अभियान के बावजूद इस केंद्र को साफ. सुथरा और व्यवस्थित नहीं रखा जा रहा है। सहायता केंद्र जब सूना रहता है तो यहां श्वान व अन्य जीव जंतु भी विचरण करते देखे जा सकते हैं। शाम ४.३० बजे जब पत्रिका रिपोर्टर ने सूने पड़े इस केंद्र के अंदर जाकर देखा तो वहां फर्श पर जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित सामग्री और उसके रेपर पड़े हुए नजर आए। यह जांच का विषय हो सकता है कि यह अवांछित सामग्री वहां कैसे पहुंची और किसने डाली।
वर्जन
शहर की गतिविधियों पर नजर रखने की दृष्टि से पुलिस सहायता केंद्र काफी महत्वपूर्ण स्थान है। इसमें पुलिस कर्मियों की उपलब्धता के आधार पर उनकी मौजूदगी तय होती है। केंद्र में अवांछित सामग्री कहां से आई इसकी जानकारी ली जाएगी।
अभिषेक राजन एडी.एसपी