राष्ट्रीय

MCD के 12,000 निगम कर्मचारी हुए स्थायी, आम आदमी पार्टी के मेयर ने लिया ऐतिहासिक फैसला

MCD: दिल्ली नगर निगम में काम करने वाले 12 हजार अस्थायी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली के मेयर महेश कुमार ने बताया कि इन कर्मचारियों के वेतन के लिए 800 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

2 min read
Mar 19, 2025
अरविंद केजरीवाल, आप संयोजक (फाइल फोटो)

Municipal Corporation of Delhi:दिल्ली नगर निगम ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए 12,000 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की घोषणा की है। यह फैसला निगम कर्मचारियों के हित में लिया गया, जिससे उनकी नौकरी और वेतन सुरक्षा सुनिश्चित होगी। दिल्ली के मेयर महेश कुमार ने बताया कि इन कर्मचारियों के वेतन के लिए 800 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। मेयर महेश कुमार ने विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के पार्षदों ने सदन में व्यवधान उत्पन्न किया और हंगामा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों द्वारा किए गए हंगामे के दौरान सत्ताधारी पक्ष के कई पार्षदों को चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पिछले दो वर्षों से नगर निगम की कार्यवाही को सुचारू रूप से नहीं चलने दे रही है।

बजट और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि

नेता सदन मुकेश गोयल ने 2024-25 के संशोधित बजट और 2025-26 के बजट अनुमानों को सदन में प्रस्तुत किया, जिसे मंजूरी दे दी गई। आम आदमी पार्टी सरकार ने विपक्ष की ओर से पेश किए गए कट मोशन को स्वीकार किया, जिसके तहत स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट के लिए 1 करोड़ रुपये, छठ पूजा के लिए 50 लाख रुपये और महिला शौचालयों के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि आवंटित की गई।

इसके अलावा, प्रत्येक पार्षद को अब अपने वार्ड के विकास कार्यों के लिए 1.55 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। इससे पहले यह राशि केवल 75 लाख रुपये थी, जिसे अब 80 लाख रुपये बढ़ाकर 1.55 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वेतन व्यवस्था में सुधार

नेता सदन मुकेश गोयल ने बताया कि निगम की AAP सरकार ने कर्मचारियों के वेतन और पेंशनभोगियों के बकाया भुगतान को काफी हद तक कम कर दिया है। भाजपा शासन के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पिछले 10 वर्षों का भुगतान लंबित था, जिसे अब काफी हद तक निपटा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकाल में निगम कर्मचारी वेतन के लिए छह-छह महीने तक इंतजार करने को मजबूर थे, जिससे बार-बार हड़तालें होती थीं। अब AAP सरकार ने वेतन समय पर देने की व्यवस्था की है, जिससे हड़तालों की समस्या समाप्त हो गई है।

नई भर्ती नहीं होगी, मौजूदा कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित

मुकेश गोयल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में शेड्यूल ऑफ पोस्ट को यथावत रखा गया है और फिलहाल कोई नई भर्ती नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि किसी की नौकरी नहीं जाएगी और सभी को समय पर वेतन मिलेगा।

आप सरकार का दिल्ली की जनता के प्रति समर्पण

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्लीवासियों को हर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बजट दिल्ली की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा और नगर निगम कर्मचारियों के जीवन में आर्थिक स्थिरता लाएगा। दिल्ली सरकार का यह फैसला हजारों परिवारों को राहत देने वाला साबित होगा और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करेगा।

Also Read
View All

अगली खबर