
Abhijeet Dipke: जयपुर में CJP नेता आशुतोष रांका और उनके समर्थकों पर कथित हमले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर इस दौरान सरकारी स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ और हमले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह खुद जयपुर पहुंचेंगे। अभिजीत दीपके ने कहा कि वह इस मामले में कार्रवाई होने तक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सरकार से स्कूल की स्थिति सुधारने और हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मामला जयपुर के बगरू इलाके के रामपुरा-कंवरपुरा गांव का है। CJP ने अपने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल की स्थिति देखने के लिए भेजा था। CJP का आरोप है कि स्कूल की स्थिति देखने पहुंचे कार्यकर्ताओं का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने (जो अपने आप को ग्रामीण बता रहे थे) विरोध किया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी बाद में मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उन्हें गांव से बाहर खदेड़ दिया गया। साथ ही, उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में बीजेपी या ग्रामीणों की ओर से इन आरोपों पर कोई अलग पक्ष सामने नहीं आया है। इसलिए हमले से जुड़े आरोपों को फिलहाल CJP के दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है।
CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने आशुतोष रांका और उनके समर्थकों के साथ कथित हमले से जुड़े तीन वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए हैं। उन्होंने राजस्थान पुलिस को टैग करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी स्कूल का दौरा करने पहुंचे CJP वॉलंटियर्स पर हमला किया गया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। दीपके ने सवाल उठाया कि हमलावरों को खराब स्थिति वाले सरकारी स्कूलों से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन CJP वॉलंटियर्स के स्कूल का दौरा करने पर आपत्ति क्यों है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस विरोध के पीछे किस चीज की रक्षा करने की कोशिश की जा रही है।