
राहुल गांधी। फोटो- आईएएनएस
Rahul Gandhi Chhatron Ki Gunj: पुणे में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' इंटरैक्शन प्रोग्राम से ठीक पहले एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक कथित फोन कॉल रिकॉर्डिंग जारी करके कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि इन्फ्लुएंसर्स को इस इवेंट में शामिल होने और सोशल मीडिया पर इसका प्रचार करने के लिए 25,000 रुपये तक की पेशकश की जा रही है।
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए BJP ने दावा किया कि क्लिप में कांग्रेस से जुड़े एक व्यक्ति और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के बीच बातचीत है। BJP ने आरोप लगाया कि पैसे के दम पर राहुल गांधी के लिए जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है। BJP ने कहा कि राहुल गांधी की लीडरशिप इतनी कमज़ोर हो गई है कि उनके इवेंट्स में भीड़ जुटाने के लिए पैसे देने पड़ रहे हैं, जबकि चुनाव हारने पर वे तुरंत EVM पर सवाल उठाने लगते हैं।
कथित कॉल रिकॉर्डिंग में 'शांतनु' नाम का एक कॉलर एक महिला इन्फ्लुएंसर के साथ यात्रा के खर्च सहित कुल 25,000 रुपये में डील तय करता सुनाई दे रहा है। बातचीत के दौरान कॉलर ने कहा कि सिर्फ इवेंट में शामिल होना काफी नहीं होगा। इन्फ्लुएंसर को राहुल गांधी के भाषण, भीड़ और खासकर छात्राओं के साथ बातचीत कर उनकी राय के दो या तीन वीडियो भी बनाने होंगे। कॉलर ने साफ किया कि ये वीडियो इन्फ्लुएंसर के पर्सनल अकाउंट से 22 अगस्त की रात या 23 अगस्त की सुबह तक पोस्ट किए जाने चाहिए, जिसके बाद UPI या बैंक ट्रांसफर के जरिए पेमेंट किया जाएगा।
राहुल गांधी का यह इवेंट पुणे के SSPMS कॉलेज ग्राउंड में 22 अगस्त को हो रहा है, जिसमें लगभग 8,000 से 10,000 महिला छात्रों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इवेंट को लेकर पुणे पुलिस ने बहुत सख्त शर्तें रखी हैं। पुलिस ने इवेंट वेन्यू पर किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्टर, बैनर या फोटो के प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। इसके अलावा, इवेंट के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना के लिए आयोजकों को पूरी तरह से कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है।
Updated on:
21 Aug 2026, 7:11 PM IST
Published on:
21 Aug 2026, 7:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.