
Abhijeet Dipke on PM Narendra Modi video: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी की मांग की है। विरोध कर रहे छात्रों को 'माफ करने' के बारे में प्रधानमंत्री के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि माफी देने का दिखावा करने के बजाय प्रधानमंत्री को सार्वजनिक रूप से लड़कियों से माफी मांगनी चाहिए और 20 जुलाई को छात्रों पर हुई पुलिस बर्बरता की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
अपने वीडियो में, अभिजीत दीपके ने कहा कि 'गुमराह बच्चों' को माफ़ करने के बारे में प्रधानमंत्री मोदी का दावा पूरी तरह से असंवेदनशील है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि देश के नागरिक और युवा असली मुद्दे को समझते हैं।
जारी वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा, "कल हम सबने मोदी जी का वीडियो देखा जिसमें उन्होंने बच्चों को माफ करने की बात कही। मुझे लगता है कि मोदी जी आज रात एक और वीडियो जारी कर सकते हैं और मुझे उम्मीद है कि उस वीडियो में वह 20 जुलाई को हुए लाठीचार्ज के लिए माफी मांगेंगे।"
अभिजीत दीपके ने 20 जुलाई को नई दिल्ली में छात्रों के 'संसद मार्च' के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नाबालिग लड़कियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया।
दीपके ने आरोप लगते हुए कहा, "पुलिस अधिकारियों ने 12 साल तक की लड़कियों के सिर फोड़ दिए। पुरुष अधिकारियों ने लड़कियों के कपड़े तक फाड़े और उनकी पिटाई की। पुलिस ने लड़कियों के प्राइवेट पार्ट्स पर भी लाठियां मारीं। इसलिए, मैं चाहता हूं कि मोदी जी आज रात के वीडियो में उन सभी लड़कियों से माफी मांगें जिनकी पुलिस ने इतनी बेरहमी से पिटाई की।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों द्वारा अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर प्रतिक्रिया दी। वीडियो में पीएम ने कहा कि कुछ युवाओं ने विरोध के नाम पर अभद्र और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया, यहां तक कि उन्होंने पीएम और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ भी बेहद अपमानजनक बातें कहीं।
पीएम ने वीडियो में कहा कि इन युवाओं को सजा देने या उन्हें अदालती कार्रवाई में उलझाने के बजाय, उन्हें सही रास्ते पर लाने की जरूरत है। इसलिए, उन्होंने विरोध कर रहे युवाओं को पूरे दिल से माफ कर दिया और देश व समाज से इस फैसले को स्वीकार करने की अपील की।