
दिलजीत दोसांझ (Photo Source- Instagram/@diljitdosanjh)
Diljit Dosanjh Indore Concert: इंदौर में 15 नवंबर को सिंगर दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम से पहले बम की धमकी मिली है। यह धमकी 3 स्कूलों और मेयर ऑफिस को ईमेल के जरिए मिली है।
धमकी भरे ईमेल के जरिए दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कार्यक्रम को निशाना बनाया गया है। इसके सामने आने के बाद शहर में हलचल मच गई। मेल में मुख्य रूप से बच्चों को इस कार्यक्रम से दूर रखने की चेतावनी दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर सघन तलाशी ली। महापौर सचिवालय को मिले ई-मेल को भी हल्के में नहीं लिया गया। क्राइम ब्रांच ने ईमेल को तकनीकी जांच के दायरे में ले लिया है।
राजेश दंडोतिया ने बताया कि सभी धमकी भरे ईमेल पंजाबी भाषा में लिखे गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि ईमेल में बच्चों को लेकर चेतावनी दी गई है। इसमें लिखा है कि दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में अपने बच्चों को न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाके किए जाएंगे।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि ये ईमेल किसने भेजे और इनमें किए गए दावों में कितनी सच्चाई है। तकनीकी सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया। भेजने वालों के रूप में रुखन शाहवाला, इंजीनियर गुरानाख सिंह, डॉ. गुरनिरवेर सिंह और बब्बर खालसा (परमार-कनाड़) से जुड़े प्रोफेसर गुरकाल सिंह पीएचडी जैसे नाम दर्ज हैं। अधिकारी ने बताया कि इन नामों की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
दिलजीत दोसांझ इन दिनों देश के अलग-अलग शहरों में अपने टूर के तहत प्रस्तुति दे रहे हैं। दिल्ली में उनका एक शो पहले ही हो चुका है। अगला कार्यक्रम 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में तय है। इस आयोजन को लेकर मिली धमकियों के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।
Updated on:
2 Nov 2026, 8:01 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 7:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.