राष्ट्रीय

अमित शाह का लालू परिवार पर हमला, तेजस्वी का पलटवार- बिहार चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोपालगंज की एक जनसभा में राजद अध्यक्ष लालू यादव के परिवार पर जमकर सियासी हमला बोला। इसके बाद राजद ने शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
2 min read
• •
Updated: 30 Mar 2025, 7:56 PM IST
RJD नेता तेजस्वी यादव
RJD नेता तेजस्वी यादव

Bihar Assembly Elections: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने गोपालगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला बोला। शाह ने लालू यादव पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बिहार के युवाओं को नहीं, बल्कि अपने परिवार को सेट करने का काम किया।

‘परिवार को सेट किया, बिहार के युवाओं को नहीं’

गोपालगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, लालू यादव ने अपने शासनकाल में बिहार के युवाओं को तो आगे नहीं बढ़ाया, लेकिन अपने पूरे परिवार को राजनीति में सेट कर दिया।" उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया गया, उनके दोनों बेटों को मंत्री बनाया गया और अब मुख्यमंत्री बनने की तैयारी हो रही है। अमित शाह ने कहा, "लालू के दोनों भाई मंत्री बने, उनकी भाभी को भी नेता बनाया गया। पूरा परिवार राजनीति में आ गया, लेकिन बिहार के युवाओं को उन्होंने कोई अवसर नहीं दिया। शाह ने यह भी कहा कि लालू यादव के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था और जब उन्होंने घोटाला किया तो बिहार की जनता को नहीं, बल्कि अपने परिवार को लाभ पहुंचाया।

तेजस्वी यादव का पलटवार- ‘सिर्फ झूठ बोलने आए हैं’

अमित शाह के हमले के बाद राजद की ओर से तेजस्वी यादव ने पलटवार किया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री केवल झूठ बोलने के लिए बिहार आए हैं। उन्होंने कहा, जब चुनाव आता है, तो बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद सब कुछ जुमला बन जाता है। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास के लिए पैसा दिया है, तो यह बताएं कि किस सेक्टर में दिया गया? इसका विवरण जनता के सामने रखना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने कहा कि अमित शाह ने पिछले 20 वर्षों में किए गए कामों का कोई विवरण नहीं दिया, बल्कि केवल राजद और लालू यादव पर हमला किया। उन्होंने कहा, लालू यादव को गाली देना अब एक फैशन बन गया है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ये लोग सिर्फ झूठ बोलने, जनता को ठगने और जुमलेबाजी करने आए हैं। चुनाव खत्म होने के बाद ये लोग यहां से चले जाएंगे।

राजद सांसद मनोज झा ने भी किया वार

राजद के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज झा ने भी अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने हमेशा की तरह झूठ बोला। मैं वर्षों से उनकी भाषा सुन रहा हूं। बिहार के चुनाव में तेजस्वी यादव ने एक लंबी लकीर खींची है— नौकरी देने की, महिलाओं को 2,500 रुपये देने की, 200 यूनिट फ्री बिजली देने की। इस पर बात कीजिए। हम आपको मौलिक मुद्दों पर लाएंगे और झूठ नहीं बोलने देंगे।

बिहार चुनाव से पहले बयानबाजी तेज

बिहार में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी बयानबाजी तेज हो रही है। भाजपा लगातार राजद पर हमलावर है, जबकि राजद इसे महज चुनावी रणनीति बता रहा है। अमित शाह के इस दौरे के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म होने की संभावना है।

Updated on:
30 Mar 2025, 7:56 PM IST
Published on: