राष्ट्रीय

‘पटेल ने निजाम को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर नहीं किया होता तो हैदराबाद भारत का हिस्सा नहीं होता’, बोले अमित शाह

Amit Shah: हैदराबाद में बीजेपी की पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने निजाम को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर हैदराबाद का भारत में विलय कराया था।
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 5:26 PM IST
amit shah news
गृह मंत्री अमित शाह(फोटो-X/@AmitShah)

Amit Shah In Hyderabad: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में आयोजित बीजेपी की रैली में सरदार वल्लभभाई पटेल और हैदराबाद के भारत में विलय का जिक्र करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर उस समय सरदार पटेल ने हैदराबाद के निजाम को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर नहीं किया होता, तो आज हैदराबाद भारत का हिस्सा नहीं होता। शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने निजाम को आत्मसमर्पण कराया और हैदराबाद के साथ तेलंगाना को भारत का हिस्सा बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने हैदराबाद की धरती पर मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा' में शामिल लोगों का स्वागत किया।

SIR और 'वोट चोरी' के आरोपों पर विपक्ष को जवाब देने के लिए निकाली यात्रा


अमित शाह हैदराबाद में बीजेपी की राष्ट्रव्यापी पदयात्रा 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा' में शामिल हुए। यह यात्रा निजाम कॉलेज के सामने से शुरू होकर मोजामजाही मार्केट तक पहुंची। बीजेपी ने इसे कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित 'वोट चोरी' को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में आयोजित किया।

पदयात्रा से पहले शाह ने चारमीनार के पास स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने देवी भाग्यलक्ष्मी को नमन किया और सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी।

हैदराबाद के भारत में विलय का किया जिक्र


शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हैदराबाद का भारत में विलय सरदार पटेल के प्रयासों से संभव हुआ। उन्होंने कहा कि पटेल ने निजाम को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर किया और हैदराबाद को भारत का हिस्सा बनाया।

आपको बता दें कि सितंबर 1948 में भारतीय सेना ने हैदराबाद रियासत में सैन्य कार्रवाई की थी, जिसे 'ऑपरेशन पोलो' के नाम से जाना जाता है। इसके बाद निजाम ने आत्मसमर्पण किया और हैदराबाद रियासत का भारत में विलय हुआ।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना


कांग्रेस पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे दावा कर रहे हैं कि हमारी जीत सिर्फ एसआईआर की वजह से हुई। मैं राहुल जी से पूछना चाहता हूं कि क्या 2014 में नरेंद्र मोदी एसआईआर के कारण प्रधानमंत्री बने थे? क्या उस समय एसआईआर हुआ था? क्या मोदी जी को हैदराबाद के लोगों ने वोट देकर नहीं जिताया था? 2019 में भी वे दोबारा चुनाव जीते। तब क्या एसआईआर हुआ था? क्या उस चुनाव में मोदी जी को जीत नहीं मिली थी? उनकी जीत एसआईआर से नहीं, बल्कि देश की जनता के वोटों से हुई थी।

Updated on:
2 Nov 2026, 5:26 PM IST
Published on: