राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बादल फटा, होटल और मकान जलमग्न, प्रशासन ने की लोगों से अपील

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इससे कई होटल और मकान जलमग्न हो गए। अधिकारियों के अनुसार, अभी किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
2 min read
Jul 12, 2026
Anantnag cloudburst news
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में बादल फटा। फोटो-वीडियो का स्क्रीनशॉट

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इससे कई होटल और मकान जलमग्न हो गए। अधिकारियों के अनुसार, अभी किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। सभी स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने से पहलगाम-अवूरा-बिजबेहड़ा सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के कई हिस्से बह जाने के कारण मार्ग फिलहाल यातायात के लिए असुरक्षित हो गया है।

किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं

इस प्राकृतिक आपदा के चलते प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। मौसम सामान्य होने के बाद सड़क, बिजली और जलापूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया जाएगा।

कई गांवों और पर्यटन स्थलों टूटा संपर्क

सड़क क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों और पर्यटन स्थलों का संपर्क टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों, यात्रियों और पर्यटन कारोबार पर असर पड़ा है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है ताकि लोगों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

प्रशासन ने की लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और सामान्य स्थिति बहाल होने तक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बादल फटने से होने वाले नुकसान की एक बड़ी वजह बड़े पैमाने पर वनों की कटाई, वन भूमि पर अतिक्रमण, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों का अवरुद्ध होना और पर्यटन के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कचरे का अनियंत्रित निस्तारण है।

Updated on:
12 Jul 2026 11:16 am
Published on:
12 Jul 2026 11:08 am