राष्ट्रीय

हमले के बाद CM शुभेंदु अधिकारी पर बरसे कल्याण बनर्जी, बोले- ‘TMC नेताओं को खत्म चाहते हैं, आज मेरी हत्या हो जाती’

Kalyan Banerjee attack: कल्याण बनर्जी ने अपने ऊपर हुए घातक हमले के बाद सीधे सीएम सुवेंदु अधिकारी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि वह तानाशाही कर रहे हैं।

2 min read
May 31, 2026
Attack On Kalyan banerjee
हमले के बाद कल्याण बनर्जी। (फोटो- ANI)

तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी पर चंडीतला में हमला हुआ है। पत्थर मारकर उनका सिर फोड़ दिया गया, खून से लथपथ हालत में वह सड़क पर गिर गए। सांसद ने इसे हत्या का प्रयास बताया है और सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर तानाशाही और ईर्ष्या का आरोप लगाया है।

कल्याण बनर्जी ने घटना का पूरा विवरण देते हुए कहा- चंडीतला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज से मिलने और उन्हें ज्ञापन देने के लिए, जब मैं कार से आ रहा था, तो बाजार में जबरदस्त ट्रैफिक जाम था। उस समय, मैं अपने पीएसओ के साथ चंडीतला क्रॉसिंग पर पैदल चल रहा था, जो पुलिस स्टेशन से 50 किलोमीटर दूर है।

10-15 लोगों ने अचानक शुरू कर दी नारेबाजी

टीएमसी सांसद ने आगे बताया कि चंडीतला क्रॉसिंग के पास भगवा कपड़े पहने 10-15 BJP के समर्थक थे, जिन्होंने अचानक नारे लगाने शुरू कर दिए और माहौल में तनाव पैदा कर दिया।

उन्होंने कहा- भाजपा के लोग मुझे गालियां दे रहे थे, लेकिन मैं आगे बढ़ रहा था, तभी मेरे सिर पर एक पत्थर फेंका गया। अब दो घंटे बीत चुके हैं, मेरे कपड़ों पर खून लगा हुआ है। मैं सड़क पर गिर गया था, एक सीआरपीएफ जवान ने आकर मुझे बचाया, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूं।

'चुप रही बंगाल पुलिस'

कल्याण बनर्जी ने कहा- इस हमले के बाद बंगाल पुलिस पूरी तरह से चुप रही, मूक दर्शक बनी रही और यह सब होने दिया। पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है और हालात बहुत गंभीर हैं।

उन्होंने कहा- यह घटना मेरी हत्या करने की एक कोशिश थी। यह स्थिति एक ऐसी सरकार को दर्शाती है जिसका नेतृत्व एक तानाशाह और ईर्ष्यालु मुख्यमंत्री कर रहे हैं, जो अपने विरोध में खड़े सभी टीएमसी नेताओं को खत्म कर देना चाहते हैं।

राजनीतिक माहौल गरम

बता दें कि इससे पहले टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद बंगाल की सियासत में गर्मी आ गई है। TMC और BJP के बीच पहले से ही तनाव चला आ रहा है। कई बार हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

ताजा घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। कल्याण बनर्जी के मामले में पुलिस ने अब तक किसी को गिरफ्तार करने की खबर नहीं दी है। जांच शुरू होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन पीड़ित सांसद इसे नाकाफी मान रहे हैं।

Published on:
31 May 2026 01:40 pm