
नई दिल्ली। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिस जगह पर देर रात तक मस्ती का माहौल था, संगीत गूंज रहा था, वही क्लब कुछ ही पलों में कब्रगाह बन गया। आग इतनी तेज थी कि कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। बैंकॉक में हुए भीषण अग्निकांड ने गोवा नाइट क्लब की याद दिला दी। बता दें कि ऐसा ही हादसा दिसंबर 2025 में गोवा में हुआ था। यहां एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की जान चली गई थी।
हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में बैंकॉक के उत्तरी भाग में स्थित ना लादप्राओ पब के सामने के दरवाजे से भीषण आग और धुएं के गुबार निकलते दिखाई दे रहे हैं। आसमान में उठते घने काले धुएं के बीच लोग भागने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
हादसे के वक्त पब में मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि उसने स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से अचानक धुआं निकलते देखा था। इसके बाद पब की बिजली गुल हो गई और वहां एक जोरदार धमाका सुनाई दिया। धमाके के साथ ही पब के अंदर तेजी से धुआं भर गया, जिससे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला।
जनवरी 2009: बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी से लगी आग में 66 लोगों की मौत हुई थी।
अक्टूबर 2015: रोमानिया के बुखारेस्ट स्थित ‘कोलेक्टिव नाइट क्लब' में आग लगने से 64 लोगों की मौत हो गई थी। आतिशबाजी से क्लब के ज्वलनशील पॉलीयूरेथेन फोम में आग लगी थी।
दिसंबर 2016: कैलिफोर्निया के ओकलैंड में ‘घोस्ट शिप' गोदाम में लगी आग में 36 लोगों की जान चली गई। ओकलैंड के इतिहास की सबसे भीषण आग एक इलेक्ट्रॉनिक संगीत और नृत्य पार्टी के दौरान लगी थी।
साल 2022 : थाईलैंड के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में लगी आग के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी।
साल 2024: इस्तांबुल के मास्करेड नाइट क्लब में आग लगने से 29 लोगों की मौत हो गई थी।
मार्च 2025: उत्तरी मैसेडोनिया के एक नाइट क्लब में आग लगने से 62 लोगों की मौत हुई थी। आग तब लगी जब हॉल के अंदर आतिशबाजी की चिंगारी छत से टकराई और उसमें आग लग गई।
दिसंबर 2025 : गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में लगी भीषण आग से 25 लोगों की जान चली गई थी।