राष्ट्रीय

Bihar Train Accident: बिहार के आरा में ट्रेन हादसा, महानंदा एक्सप्रेस की 2 बोगियां पटरी से उतरीं

Mahananda Express Derailment: बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस के इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जबकि दिल्ली-हावड़ा रेल रूट प्रभावित हुआ।
2 min read
Sep 06, 2026
Mahananda Express Train Accident.
बिहार के आरा में ट्रेन हादसा। (Screen Grab- X/@ANI)

Train Accident in Bihar: बिहार के आरा में रविवार अलसुबह ट्रेन हादसा हुआ। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर हुई। 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतरने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित हुआ

आरा में महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित हुआ। इसके चलते वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

करीब तीन घंटे बाद ट्रेन हुई रवाना

हादसे के करीब तीन घंटे बाद महानंदा एक्सप्रेस को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ट्रेन 7:23 बजे अपने गन्तव्य की ओर रवाना कर दी गई है। पटरी से उतरी बोगियों को हटाने और उनकी मरम्मत का काम जारी है। वहीं, खबर है कि मामले में आरा के स्टेशन मैनेजर एनके राय को निलंबित कर दिया गया है।

ट्रेन हादसे की क्या है वजह?

महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4 बजकर 12 मिनट पर आरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन से ट्रेन को दिल्ली रवाना होना था। कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो ट्रेन परिचालक के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसकी वजह से ट्रेन स्टेशन से करीब 200 मीटर दूरी पर डिरेल हो गई। हालांकि रेलवे की तरफ से ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों के बारे में नहीं बताया गया है। फिलहाल रेलवे महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग और डीआरएम विनोद कुमार के निर्देश पर हादसे की जांच की जा रही है।

उधर, पूर्व मध्य रेल रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई है। जैक से चक्की को पटरी पर चढ़ाया जा रहा है। एक घंटे में अपलाइन पर परिचालक शुरू हो जाएगा।

Updated on:
06 Sept 2026 09:20 am
Published on:
06 Sept 2026 08:54 am