राष्ट्रीय

बिहार में डिप्टी CM के काफिले पर गोबर और चप्पलों से हमला, उपमुख्यमंत्री ने दी बुलडोज़र चलाने की धमकी

बिहार में लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित आरजेडी समर्थकों ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी गाड़ी पर गोबर और चप्पलें फेंकी गईं और पथराव भी हुआ, जिस पर सिन्हा ने सरकार बनने पर हमलावरों पर बुलडोजर चलाने की धमकी दी।

3 min read
Nov 07, 2025
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)

बिहार में विधानसभा चुनावों की शुरुआत हो चुकी है और कल 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले गए है। पहले चरण में 64.46% वोटिंग हुई है जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। वोटिंग के दौरान राज्य के अलग अलग हिस्सों से कई चौंकाने वाली खबरें सामने आई। कहीं पर पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले हुए तो कहीं पर लोगों ने वोटों का बहिष्कार कर दिया। ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली खबर लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से सामने आई है। यहां चुनावों के बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री और क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान डिप्टी सीएम की गाड़ी पर गोबर और चप्पलें फेंके गए और उनके काफिले पर पथराव भी हुआ। भाजपा ने RJD पर इस हमले का आरोप लगाया, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री ने सरकार बनने के बाद हमलावरों पर बुलडोज़र चलाने की धमकी भी दे डाली।

ये भी पढ़ें

Bihar Election 2025: लखीसराय में बूथ कैप्चरिंग की खबर के बाद मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे SP

बूथ नंबर 404 और 405 के पास हुई घटना

सिन्हा के साथ यह घटना विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 404 और 405 के पास हुई। वह खोरियारी गांव में प्रवेश कर रहे थे तभी भीड़ ने उनकी कार को घेर लिया, जिसके बाद उन्हें गाड़ी रोकनी पड़ी। सिन्हा का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोबर और चप्पलें फेंकी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें गांव में जाने से रोका गया और उनके काफिले पर पथराव भी हुआ और मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। सिन्हा का कहना है कि उन्हें, आरजेडी और स्थानीय प्रशासन द्वारा मिल कर बूथ कैप्चर करने की जानकारी मिली थी जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोका गया और उन पर हमला हुआ।

सिन्हा ने दी बुलडोज़र चलाने की धमकी

सिन्हा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, यहां राजद MLC अजय और JDU से कांग्रेस में गए सुजीत कुमार ने मिलकर गांव के लोगों को धमकी दी। प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को भगाया। नदियामा गांव में भाजपा के समर्थक लोगों को परेशान करने के लिए ये किया गया है, प्रशासन का निक्कमापन और कायरता साफ दिख रहा है। इसके साथ ही घटना से गुस्साए उपमुख्मंत्री ने हमलावरों पर बुलडोज़र चलाने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा, ये RJD के गुंडे हैं। NDA सत्ता में आ रही है इसलिए इनके छाती पे बुलडोजर चलेगा। यह गुंडे मुझे गांव में नहीं जाने दे रहे हैं। मैं जीतने वाला हूं। इन्होंने इन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और वोट नहीं डालने दिया। इनकी गुंडागर्दी देखिए।

गांव वाले अपने संस्कारों का परिचय दे रहे - सिन्हा

सिन्हा ने आगे कहा, इस व्यवहार से यह गांव वाले अपने संस्कारों का परिचय दे रहे है। इस सड़क का टेंडर हो गया है, काम शुरू हो गया है। ये तो बहाना है, ये RJD-कांग्रेस की गुंडई का प्रकटीकरण है। इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्थिति क्या है। इसके बाद गुस्साए सिन्हा और RJD एमएलसी अजय सिंह से भीड़ गए। दोनों के बीच सड़क पर ही बहस होने लगी और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा गया कि दोनों नेताओं ने तू-तड़ाक कर के एक दूसरे से बोलना शुरु कर दिया। सिन्हा ने अजय सिंह पर दारू पीकर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया और कहा कि इनके जैसे गुंडों को मैं ठीक कर दुंगा। इसके पलटवार में सिंह ने भी सिन्हा को गुंडा बता दिया।

विजय सिन्हा का अध्याय खत्म - अजय सिंह

RJD एमएलसी ने सिन्हा के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा, उनके (अजय सिन्हा) लोगों ने हमारी कार रोकी और गुंडागर्दी की। वह परेशान हैं क्योंकि वह चुनाव हार चुके हैं। विजय सिन्हा का अध्याय खत्म हो चुका है। उन पर हमला नहीं हुआ था। वह कई दिनों से यह ड्रामा करने की कोशिश कर रहे थे। लड़ाई के दौरान सिन्हा ने सिंह पर दारू पीए होने का आरोप लगाया जिसके जवाब में विवाद के बाद सिंह खुद थाने पहुंचे और अपनी जांच कराई। इस जांच में सामने आया कि सिंह ने दारू नहीं पी रखी थी जिसके चलते सिन्हा के आरोप झूठे साबित हो गए।

Also Read
View All

अगली खबर