राष्ट्रीय

Rajya Sabha Polls: बीजेपी ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश से उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, जानें किसे बनाया प्रत्याशी

BJP Rajya Sabha Candidates 2026: बीजेपी ने आगामी राज्य सभा चुनाव और कर्नाटक विधान परिषद (एमएलसी) द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश से महेश केवट और कर्नाटक से प्रो. डॉ. एम. नागराजा को राज्यसभा का टिकट दिया गया है, जबकि कर्नाटक एमएलसी चुनाव के लिए लिंगराज पाटिल और रघु कौटिल्य को उम्मीदवार बनाया गया है।

2 min read
Jun 08, 2026
BJP Karnataka Rajya Sabha Candidate List
BJP ने राज्य सभा प्रत्याशियों की लिस्ट की जारी (Photo-IANS

Rajya Sabha Polls: आगामी राज्य सभा चुनाव और कर्नाटक विधान परिषद (एमएलसी) द्विवार्षिक चुनावों को लेकर बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश के लिए राज्यसभा प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दी। बीजेपी ने मध्य प्रदेश से महेश केवट और कर्नाटक से प्रो. डॉ. एम. नागराजा को राज्य सभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, कर्नाटक विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए पार्टी ने लिंगराज पाटिल और रघु कौटिल्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

नामांकन दाखिल करना हुआ शुरू

वहीं देशभर में राज्य सभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उच्च सदन की विभिन्न सीटों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करना शुरू कर दिया है। आगामी द्विवार्षिक राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है।

18 जून को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग ने 1 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इन सीटों के लिए मतदान 18 जून 2026 को कराया जाएगा। इन 24 सीटों में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की 4-4 सीटें, राजस्थान और मध्य प्रदेश की 3-3 सीटें, झारखंड की 2 सीटें, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय की 1-1 सीट शामिल है।

इसके अलावा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में राज्य सभा की एक-एक रिक्त सीट पर उपचुनाव के लिए भी अधिसूचना जारी की गई है।

तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने नामांकन किया दाखिल

मध्य प्रदेश में बीजेपी की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल ने भी राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उपस्थित रहे।

राज्य सभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और आगामी मतदान को संसद के उच्च सदन की नई राजनीतिक तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है।

पिछली सूची में इन नेताओं को बनाया था प्रत्याशी

क्रमांकराज्यउम्मीदवार
1अरुणाचल प्रदेशताई तागाक
2गुजरातराजुभाई शुक्ला
3गुजरातमुकेशभाई राठवा
4गुजरातमानसिंह परमार
5गुजरातजितेन्द्र मेघजीभाई कंजारिया
6मध्य प्रदेशतरुण चुग
7मध्य प्रदेशरजनीश अग्रवाल
8मणिपुरए. शारदा देवी
9राजस्थानअलका गुर्जर
10राजस्थानसतीश पूनिया
11ओडिशा (उपचुनाव)देवाशीष सामंतराय
Published on:
08 Jun 2026 09:09 am