राष्ट्रीय

Rajya Sabha Elections: BJP ने 11 और कांग्रेस ने 7 प्रत्याशियों के नाम का किया ऐलान, जानें किसे कहां से दिया टिकट

Rajya Sabha Elections 2026: कांग्रेस और बीजेपी ने राज्य सभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया है।

2 min read
Jun 05, 2026
Rajya Sabha Election June 18 2026
राज्य सभा चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट (Photo-X)

Rajya Sabha Elections: बीजेपी और कांग्रेस ने 13 राज्यों की 27 राज्य सभा सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर तैयारी तेज कर दी है। इन सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 8 जून है। कांग्रेस और बीजेपी ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं, वहीं कांग्रेस ने 7 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है।

बीजेपी ने किसे दिया टिकट

बीजेपी ने अपनी लिस्ट में 11 प्रत्याशी घोषित किए है। अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक, गुजरात से राजुभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेन्द्र मेघजीभाई कंजारिया को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं मध्य प्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को टिकट दिया गया है। मणिपुर से ए. शारदा देवी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। राजस्थान से अलका गुर्जर और सतीश पूनिया को मैदान में उतारा गया है, जबकि ओडिशा में होने वाले उपचुनाव के लिए देवाशीष सामंतराय को भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है। 

कांग्रेस ने किसे दिया टिकट

राज्य सभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 7 उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने कर्नाटक से मलिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और सैयद नासिर अली खान को उम्मीदवार बनाया है। वहीं मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है।

क्या है राज्य सभा का समीकरण

राज्य सभा में कुल 245 सीटें हैं, जिनमें से 242 सीटों पर सदस्य मौजूद हैं और 3 सीटें खाली हैं। बहुमत के लिए 122 सदस्यों का समर्थन आवश्यक है। वर्तमान स्थिति के अनुसार NDA के पास 147 सदस्य हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 25 सीटें अधिक है। वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA के पास 78 सदस्य हैं, जबकि अन्य दलों और निर्दलीय सदस्यों की संख्या 17 है।

BJP के हैं सबसे ज्यादा सांसद

एनडीए में सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी है, जिसके 113 राज्य सभा सांसद हैं। इसके अलावा AIADMK और जदयू के 4-4, एनसीपी के 3, शिवसेना, तेलुगु देशम पार्टी और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के 2-2 सदस्य हैं। वहीं एजीपी, जेडीएस, एनपीपी, पीएमके, आरएलडी, आरएलएम और आरपीआई के 1-1 सदस्य हैं।

दूसरी ओर, INDIA गठबंधन में कांग्रेस के 29 सदस्य हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस के 13, डीएमके के 8, समाजवादी पार्टी के 4 तथा आम आदमी पार्टी, माकपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के 3-3 सदस्य हैं। 

Published on:
05 Jun 2026 07:55 am