Jharkhand Election: BJP के संकल्प पत्र पर सीएम हेमंत सोरेन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में ना UCC लागू होगा ना NRC होगा।
Hemant Soren: झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Election) प्रचार चरम पर है। बीजेपी ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया है। वहीं BJP के संकल्प पत्र पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren)ने पलटवार किया है। उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में ना यूसीसी लागू होगा ना एआरसी होगा। यहां सिर्फ छोटा नागपुर टीनेंसी एक्ट और संथाल परगना टीनेंसी एक्ट रहेगा। बीजेपी के लोग घर परिवार को तोड़ने में लगे हुए हैं। ये विषैला जहर उगलते हैं। उनके आगे विषधर भी फेल हैं। इन लोगों से बचकर रहना है। हेमंत सोरेन ने कहा कि बीजेपी के जुमलेबाजी में झारखंड की जनता नहीं फंसने वाली। भाजपा का बस चले तो ये लोगों के शरीर से एक-एक कतरा खून का निकाल ले।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपया लेकर केंद्र सरकार बैठा है। आवाज उठाओ तो जेल में डालने की साजिश करता है। झारखंड के खनिजों को लूटने की बीजेपी की कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी। इस दौरान हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के साथ भाजपा ने सेटिंग कर रखी है। पहले उनके पूर्व प्रधानमंत्री को देश में शरण देता है और आरोप झारखंड पर लगाता है? झारखंड की बिजली बांग्लादेश को जाती है, झारखंड को धुंआ मिलता है और आरोप भी झारखण्ड पर लगाते हैं? यह खुद बोलते हैं बांग्लादेशी घुसपैठ इनके राज्य से होती है और आरोप झारखण्ड पर लगाते हैं?
हेमंत सोरेन ने कहा कि हम लोगों ने कठोर पेपर लीक रोकने वाला कानून बनाया। सीजीएल परीक्षा को असफल करने की जिसने कोशिश की वह सब चिन्हित हो चुके हैं। चुनाव का परिणाम आएगा और वह सब लोग जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के अल्पसंख्यक स्कूलों को भी सशक्त करने का काम अबुआ सरकार ने किया है। झारखंड में सतत विकास की परिकल्पना को हमें और तेजी से आगे बढ़ाना है। आप सभी का आशीर्वाद और साथ हमारी ताकत बनेगा।
हेमंत सोरेन ने कहा असम में झारखंड के लाखों आदिवासी भाई-बहन अपने अस्तित्व और पहचान के लिए लड़ रहे हैं। बगल में छत्तीसगढ़ में एंडी गठबंधन और भाजपा की सरकार द्वारा जंगल को उजाड़ा जा रहा है, और वहां से आदिवासियों को खदेड़ा जा रहा है। आदिवासी विरोधी भाजपा से सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के लोगों का पेंशन रोक रखा है और भाजपा वाले हम पर आरोप लगाते है। झूठे लोग हैं ये। अबुआ सरकार में न कभी किसी का पेंशन रुका है, न कभी पेंशन रुकेगा। उन्होंने कहा कि अपने लाखों सरकारी कर्मचारियों को OPS के जरिए बुढ़ापे की लाठी देने का काम हमने किया।