दिल्ली में सख्त ट्रैफिक नियम लागू, एक साल में 5 चालान होने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड या रद्द हो सकता है, बार-बार नियम तोड़ने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी।
Delhi Traffic Rule: दिल्ली की सड़कों पर अब लापरवाही भारी पड़ने वाली है। अगर आप बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं और चालान को नजरअंदाज करते हैं, तो अब सीधा असर आपके ड्राइविंग लाइसेंस पर पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत एक साल में पांच या उससे ज्यादा चालान होने पर ड्राइवर को 'गंभीर उल्लंघनकर्ता' माना जाएगा और उसका लाइसेंस सस्पेंड या रद्द भी हो सकता है।
सरकार ने यह कदम उन लोगों को रोकने के लिए उठाया है जो बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं लेकिन जुर्माना भरने या सुधार करने में लापरवाही करते हैं। नई व्यवस्था के तहत हर चालान का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाएगा और वाहन मालिक के नाम पर दर्ज होगा। इससे यह साफ रहेगा कि किसने कितनी बार नियम तोड़े हैं।
नए नियम के अनुसार, चालान जारी होने के बाद वाहन मालिक को 45 दिनों के भीतर दो विकल्प मिलेंगे पहला, जुर्माना भर दें दूसरा, ऑनलाइन अपील करके चालान को चुनौती दें अगर इस समय सीमा के अंदर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो चालान अपने आप स्वीकार माना जाएगा। इसके बाद अगले 30 दिनों में जुर्माना भरना जरूरी होगा।
नई व्यवस्था में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ड्राइवर सीधे कोर्ट नहीं जा सकेंगे। पहले उन्हें ऑनलाइन शिकायत प्रणाली के जरिए अपनी बात रखनी होगी। अगर वहां से राहत नहीं मिलती, तभी कोर्ट का रास्ता खुलता है और उसके लिए भी चालान राशि का 50 प्रतिशत जमा करना जरूरी होगा।
दिल्ली में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी लंबे समय से एक बड़ी समस्या रही है। सड़क हादसों को कम करने और लोगों में जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए यह सख्ती जरूरी मानी जा रही है। सरकार का मानना है कि जब नियम तोड़ने की कीमत बढ़ेगी, तब ही लोग सावधानी बरतेंगे।