
Kapil Sharma Firing News: मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। ऐसी खबर सामने आई थी कि कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर फायरिंग की गई है। लेकिन पुलिस का बयान इस मामले में सामने आ गया है। अमृतसर पुलिस ने ऐसी किसी प्रकार की घटना नहीं होने की बात कही है। आपको बता दें कि ऐसा बताया जा रहा था कि घटना अमृतसर के होली सिटी इलाके की है, जहां कपिल शर्मा का परिवार रहता है। इसी जगह कपिल शर्मा की बहन रहती है। लेकिन अब पुलिस ने जानकारी दी है कि फायरिंग की अफवाह गलत है। बताया जा रहा था कि बाइक पर सवार कुछ युवक घर के बाहर पहुंचे और अचानक गोलियां चलाकर फरार हो गए। कपिल शर्मा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के फेमस सितारे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमृतसर पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी शेयर की है। पुलिस ने कहा है कि मौके पर पहुंच कर जांच की गई है लेकिन इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है।
आपको बता दें कि कनाडा में मौजूद कपिल शर्मा के 'Kap’s Cafe' का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, कनाडा में स्थित इस कैफे के बाहर पहले भी दो बार फायरिंग हो चुकी है। उन घटनाओं की जिम्मेदारी कुछ खालिस्तान समर्थक संगठनों ने ली थी।
कनाडा में फायरिंग की घटना के बाद कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर साफ शब्दों में कहा था कि वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन का धन्यवाद करते हुए लिखा था कि जो लोग प्यार और समर्थन देने पहुंचे, उनका परिवार उनका आभारी है। कपिल ने यह भी कहा था कि हिंसा के खिलाफ सभी को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और वह शांति तथा सुरक्षा के पक्ष में मजबूती से खड़े रहेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि पहले हुई गोलीबारी के पीछे कथित नाराजगी की वजह कपिल का एक पुराना कॉमेडी एक्ट था। कहा गया कि किसी शो या एपिसोड में निहंग सिखों को लेकर की गई टिप्पणी से कुछ लोग नाराज हो गए थे। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर कपिल ने क्या कहा था और वह बयान किस मंच पर दिया गया था।