हरयाणा के प्रसिद्ध गौरक्षक बिट्टू बजरंगी (फरीदाबाद निवासी, नूंह हिंसा आरोपी) के साथ शादी के नाम पर ठगी हुई। एक व्यक्ति (बंटी) ने उनकी पसंद की लड़की से शादी करवाने का वादा कर 30,000 रुपये लिए।
हरयाणा के मशहूर गौरक्षक बिट्टू बजरंगी के साथ उत्तर प्रदेश में बड़ा खेल हो गया है। वह फरीदाबाद के रहने वाले हैं। दरअसल, एक शख्स ने गौरक्षक को ठग लिया है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शख्स ने बिट्टू से वादा किया था कि वह उनकी पसंद की लड़की से उनकी शादी कराएगा। इसके बदले ठग ने उनसे 30,000 रुपये भी ले लिए।
पुलिस ने बताया कि बजरंगी की शिकायत के आधार पर आरोपी और उसके साथियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बिट्टू बजरंगी का आरोप है कि उन्होंने बंटी से उनकी शादी कराने की इच्छा जाहिर की थी।
बजरंगी ने बिट्टू से खुलकर कहा था कि अगर उसे कोई सही लड़की के बारे में पता हो तो वह जानकारी दे। पुलिस ने बताया कि बंटी बजरंगी के पड़ोसी का रिश्तेदार है।
शिकायत के मुताबिक, बजरंगी के अनुरोध पर बंटी ने उसे रानी नाम की एक महिला से मिलवाया। इसके बाद, बंटी और रानी ने बजरंगी को शादी का रिश्ता तय करने के लिए तीन बार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बुलाया। हालांकि, बजरंगी को कोई लड़की पसंद नहीं आई।
कई सारे रिश्तों को रिजेक्ट करने के बाद बंटी ने बजरंगी को एक और लड़की की तस्वीर दिखाई। जो उसे पसंद आ गई। पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर, 2025 को बंटी और रानी ने उस लड़की के साथ रिश्ता तय कराया। शादी 7 फरवरी को फाइनल हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, बजरंगी ने 6 फरवरी को दुल्हन के लिए कपड़े खरीदने के लिए आरोपी को 30 हजार रुपये भेजे। इसके बाद, वह हरियाणा से बारात लेकर उत्तर प्रदेश पहुंचे। जब वह अलीगढ़ पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला।
बजरंगी ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी अलीगढ़ में कहीं नहीं मिले। रानी और बंटी दोनों ने अपने फोन बंद कर लिए थे।
जब बजरंगी ने दुल्हन को फोन किया तो उसने साफ कहा कि उसे शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ से खाली हाथ ही लौटना पड़ा। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।