IMD Alert: मौसम विभाग के मुताबिक 26 जून से 2 जुलाई के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
Heavy Rain Alert: देश में कई राज्यों में बारिश ने तबाही मचा रखी है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को 5 जगह बादल फटने की खबर सामने आई है। जिससे नदी-नालों में बाढ़ आ गई। गुजरात में भी भारी बारिश हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग का नया अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में अगले सात दिन भारी बारिश होगी। IMD के मुताबिक अगले 7 दिनों के दौरान कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, गुजरात राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 26 जून को मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 26 जून से 2 जुलाई के दौरान पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 26 जून से 29 जुलाई के दौरान पश्चिम राजस्थान, जम्मू कश्मीर में बहुत भारी बारिश की संभावना है। 28 जून से 2 जुलाई के दौरान यूपी में और 26 जून को जम्मू कश्मीर में भारी बारिश हो सकती है।
IMD ने 26 जून से 2 जुलाई के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकांश जगहों पर बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके अलावा 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान जताया है।
बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 3-4 दिनों के दौरान देश के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 26 जून से 2 जुलाई के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 26 जून से 30 जून के दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी क्षेत्र, 26 और 27 जून को विदर्भ, 27 से 30 जून के दौरान उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
IMD के मुताबिक 26 जून से 1 जुलाई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती क्षेत्र, बिहार, झारखंड, ओडिशा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गरज के साथ तूफान, बिजली गिरने तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। 30 जून को अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी वर्षा हो सकती है।