
INDIA Alliance Meeting: सोमवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक होगी। इसमें 23 राजनीतिक दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि इस बैठक से पहले विपक्षी गठबंधन में दरार की भी खबरें सामने आने लगी है। इसमें डीएमके और आम आदमी पार्टी शामिल नहीं होगी। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात की हो रही है वह तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की अनुपस्थिति को लेकर हो रही है।
बता दें कि यह इसलिए भी हैरानी की बात मानी जा रही है क्योंकि INDIA गठबंधन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस अब तमिलनाडु में टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार की सहयोगी है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक TVK को बैठक में आमंत्रित न किए जाने के कई कारण हैं, जिनमें सबसे बड़ा कारण यह है कि पार्टी का संसद में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक TVK की अनुपस्थिति का सबसे सीधा कारण यह है कि उसके पास फिलहाल न तो लोकसभा और न ही राज्य सभा में कोई सांसद है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में यह बैठक राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए बुलाई गई है। इसमें संसद की रणनीति, बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA सरकार की नीतियों और विपक्ष की भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में शामिल अधिकांश दल संसद में प्रतिनिधित्व रखते हैं और राष्ट्रीय स्तर की विपक्षी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके और कांग्रेस सहयोगी पार्टी हो, लेकिन इंडिया गठबंधन की TVK औपचारिक सदस्य नहीं बनी है। सोमवार को होने वाली बैठक में उन दलों को न्योता दिया गया है जो विपक्षी गठबंधन का हिस्सा है।
बैठक में TVK की अनुपस्थिति का यह मतलब नहीं है कि पार्टी और INDIA गठबंधन के बीच किसी प्रकार की दुश्मनी है। बल्कि, यह दर्शाता है कि विजय की पार्टी इस समय एक अलग और विशिष्ट राजनीतिक स्थिति में है।
एक ओर वह कांग्रेस के समर्थन से तमिलनाडु में सरकार चला रही है, वहीं दूसरी ओर उसके पास कोई सांसद नहीं है और वह औपचारिक रूप से INDIA गठबंधन का हिस्सा भी नहीं है। विजय ने भी TVK को किसी राष्ट्रीय गठबंधन में पूरी तरह शामिल करने के बजाय एक स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की है।