
दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर (Photo-IANS)
INDIA Bloc Meeting: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को INDIA गठबंधन की बैठक होगी। बैठक का एजेंडा अभी तक सामने नहीं आया है। इससे पहले दिल्ली में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। दिल्ली के कई चौराहों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा अतीत में राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ दिए गए बयानों को दिखाया गया है।
पोस्टरों में एनसीपी (शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान शामिल किए गए हैं।
बैठक से पहले इंडिया गठबंधन में दरार की खबरें भी सामने आने लगी है। इस बैठक में डीएमके और आम आदमी पार्टी हिस्सा नहीं लेगी। वहीं CPI (M) ने अपना विरोध दर्ज कराया है, लेकिन पार्टी बैठक में शामिल होगी।
इस बैठक में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, RJD नेता तेजस्वी यादव, शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा छोटे दलों के नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है।
वहीं बैठक से पहले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने साफ कर दिया है कि वह इस बैठक में हिस्सा नहीं लेगी। इसकी वजह कांग्रेस द्वारा अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) के साथ राजनीतिक गठजोड़ बताया जा रहा है।
डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन की अगुवाई का दावा करती है, लेकिन उसने ऐसे दल के साथ हाथ मिला लिया है जो गठबंधन का हिस्सा ही नहीं है।
एलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस अब भरोसेमंद पार्टी नहीं रह गई है। मुझे उम्मीद है कि कई अन्य दल भी INDIA गठबंधन से अलग होने पर विचार करेंगे। आम आदमी पार्टी भी बैठक में शामिल नहीं हो रही है और अन्य सहयोगी दल भी अपना रुख तय करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी स्थानीय निकाय और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने टीवीके के साथ रहने का संकेत दिया है, जिससे गठबंधन सहयोगियों में नाराजगी बढ़ी है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, नई दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित इस बैठक में 23 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगी, जबकि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे।
Published on:
08 Jun 2026 11:10 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
