
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। (Photo- IANS)
INDIA Bloc Meeting: लोकसभा चुनाव के दो साल बाद बदले हुए सियासी हालात के बीच विपक्षी इंडिया ब्लॉक एक बार फिर अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाने की तैयारी में है। सोमवार यानी आज कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली इंडिया ब्लॉक की बैठक में कई मुद्दों को लेकर संसद से सड़क तक सरकार के विरुद्ध राजनीतिक लड़ाई लड़ने की रणनीति तैयार होगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार गुट), सीपीएम, सीपीआई, आरएसपी, फॉरवर्ड ब्लॉक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, भाकपा (माले), एमडीएमके, वीसीके, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी), वीआईपी पार्टी, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (मणि), बाप पार्टी और लोकदल सहित कुल 23 दलों के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार बैठक का उद्देश्य केवल राजनीतिक समन्वय नहीं, बल्कि उन मुद्दों पर साझा रणनीति बनाना है जिन्हें विपक्ष लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के हितों से जुड़ा मानता है। बैठक ऐसे समय हो रही है जब संसद का मानसून सत्र भी करीब है। विपक्षी दलों का प्रयास है कि संसद के भीतर और बाहर सरकार के विरुद्ध एक समन्वित अभियान चलाया जाए। साथ ही आगे की राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हो सकती है।
Updated on:
08 Jun 2026 02:48 am
Published on:
08 Jun 2026 02:48 am
