
Moon Water Discovery: चंद्रमा पर पानी की तलाश अब एक नए चरण में पहुंचने जा रही है। भारत और जापान मिलकर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऐसा अभियान भेजने की तैयारी कर रहे हैं, जो न केवल सतह पर पानी की मौजूदगी का पता लगाएगा, बल्कि करीब 1.5 मीटर गहराई तक खुदाई कर उसके भंडार, मात्रा और स्वरूप का भी अध्ययन करेगा। जापान की अंतरिक्ष एजेंसी जाक्सा ने बुधवार को पहली बार इस मिशन के लिए तैयार किए जा रहे रोवर का परीक्षण मॉडल दुनिया के सामने पेश किया। यह मॉडल वास्तविक रोवर के आकार का पांचवां हिस्सा है।
लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन नाम का यह संयुक्त मिशन भारत के चंद्रयान-5 अभियान के रूप में भी जाना जाता है। इसे 2028 में जापान के एच-3 रॉकेट से लॉन्च करने की योजना है। मिशन में भारत की इसरो लैंडर विकसित करेगी, जबकि जापान रोवर और लॉन्च व्हीकल तैयार करेगा। रोवर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के उन इलाकों में भेजा जाएगा, जहां सूर्य की रोशनी बेहद कम पहुंचती है। यहां मौजूद स्थायी छाया वाले गड्ढों में पानी और बर्फ के भंडार होने की संभावना है।
टोक्यो के चोफू एयरोस्पेस सेंटर में प्रदर्शित परीक्षण मॉडल को चार पैरों वाले क्रॉलर सिस्टम के साथ तैयार किया गया है। इसमें पहियों की स्वतंत्र दिशा बदलने की क्षमता होगी, ताकि वह चंद्रमा की ऊबड़-खाबड़ सतह, चट्टानों और गड्ढों को पार कर सके। प्रदर्शन के दौरान मॉडल ने कृत्रिम चंद्र सतह पर चट्टानों और गड्ढे जैसी बाधाओं को पार करके अपनी गतिशीलता दिखाई। रोवर में ड्रिलिंग उपकरण और वैज्ञानिक सेंसर लगाए जाएंगे। यह पहले संभावित पानी वाले क्षेत्रों की पहचान करेगा और फिर वहां से मिट्टी के नमूने लेकर उनका विश्लेषण करेगा। वैज्ञानिक यह भी जानना चाहते हैं कि पानी बर्फ के रूप में है या चंद्रमा की मिट्टी में मिला हुआ है। इस मिशन में नासा और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के वैज्ञानिक उपकरण भी शामिल होंगे। नासा का न्यूट्रॉन स्पेक्ट्रोमीटर जमीन के नीचे हाइड्रोजन की मौजूदगी का पता लगाने में मदद करेगा। हाइड्रोजन पानी की मौजूदगी का महत्वपूर्ण संकेतक है।
मिशन: लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन
प्रस्तावित लॉन्च: 2028
लॉन्च रॉकेट: जापान का एच-3
कुल अंतरिक्ष यान का वजन: करीब 6.5 टन
रोवर का वजन: करीब 350 किलोग्राम