राष्ट्रीय

IPL से पहले FREE क्रिकेट पास घोटाला बेनकाब, मुंबई में पूर्व क्रिकेटर गिरफ्तार

Mumbai Ticket Scam: IPL 2026 की शुरुआत से पहले टिकट ब्लैकिंग का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें मुंबई पुलिस ने ICC T20 World Cup सेमीफाइनल के टिकटों की कालाबाजारी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया।

2 min read
Mar 27, 2026
IPL से पहले टिकट ब्लैकिंग का रैकेट एक्सपोज़ (File Photo)

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च, शनिवार से होने जा रहा है। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला है। लेकिन इस बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत से ठीक पहले टिकटों की कालाबाजारी से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसका संबंध ICC T20 वर्ल्ड कप से है।

टिकट ब्लैकिंग रैकेट का भंडाफोड़

आपको बता दें कि मुंबई पुलिस ने ICC T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले के टिकटों की कालाबाजारी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह मैच 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। इस मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय बलवंत सिंह सोधा को गिरफ्तार किया है, जो कभी मुंबई की अंडर-19 टीम के लिए खेल चुका है और हाल में कोचिंग से जुड़ा हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोधा इस पूरे नेटवर्क का मुख्य कड़ी था और वही टिकटों की सप्लाई करता था।

35 हजार रुपये तक बेचे गए टिकट

जांच के अनुसार, सेमीफाइनल मैच के टिकट 25,000 से 35,000 रुपये तक की ऊंची कीमत पर बेचे गए। इस मामले में अब तक कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें एक कॉलेज का स्पोर्ट्स टीचर, एक नॉन-टीचिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी शामिल हैं।

MCA से जुड़े पास का दुरुपयोग?

सूत्रों का मानना है कि ये टिकट मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) या उससे जुड़े क्लबों के सदस्यों और उनके गेस्ट्स को दिए गए कॉम्प्लिमेंट्री पास हो सकते हैं। आरोपियों ने इन्हें अवैध तरीके से हासिल कर ब्लैक मार्केट में बेचना शुरू कर दिया।

सोशल मीडिया के जरिए भी बिक्री

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ टिकट सीधे ग्राहकों को बेचे गए, जबकि कई टिकटों की डील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए की गई। इससे इस नेटवर्क की पहुंच और व्यवस्थित तरीके से काम करने का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस कस्टडी में बलवंत सिंह सोधा

गुरुवार को बलवंत सिंह सोधा को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। फिलहाल मुंबई के डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बेंगलुरु में बढ़ाई सुरक्षा

बेंगलुरु पुलिस ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के पहले मैच से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करते हुए लोगों से अपील की है कि वे बिना वैध टिकट के स्टेडियम न आएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के बाहर भीड़ इकट्ठा होने नहीं दी जाएगी और इसके लिए सख्त जांच की जाएगी। मैच को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए कई महीनों से तैयारियां की गई हैं, जिनमें मॉक ड्रिल, विभिन्न विभागों का समन्वय, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आपात सेवाओं की व्यवस्था शामिल है। दर्शकों की सुविधा के लिए मेट्रो और बस सेवाएं बढ़ाई गई हैं, पार्किंग और शटल बस की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है ताकि आयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Also Read
View All

अगली खबर