
Jharkhand News: झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे नाबालिग से यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। अब इस मामले में हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। JMM नेता मनोज पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार न तो किसी दोषी को बचाती है और न ही किसी को राजनीतिक कारणों से फंसाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में विधायक भूषण बाड़ा दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। शिकायत दर्ज हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में राजनीतिक साजिश या विपक्ष की ओर से किसी तरह की साजिश के साक्ष्य नहीं मिलते और विधायक के खिलाफ आरोप साबित होते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को संरक्षण देने या बेवजह फंसाने में विश्वास नहीं रखती।
इसी बीच विधायक भूषण बाड़ा की पत्नी ने भी इस मामले में अपना बयान दिया है। उन्होंने अपने पति का बचाव करते हुए आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि भूषण बाड़ा की बढ़ती लोकप्रियता को नुकसान पहुंचाने और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से पूरे मामले को कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से उठाया गया है।
विधायक की पत्नी जोशिमा खाखा ने आरोप लगाया कि नाबालिग लड़की को उसके दादा-दादी की जानकारी के बिना घर से ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि जब उस रात लड़की के घर से गायब होने की जानकारी परिजनों को मिली, तो वे भी हैरान रह गए।
विधानसभा थाना, रांची में दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे स्कूल में दाखिला दिलाने और पढ़ाई में मदद करने का भरोसा देकर रांची लेकर आई थीं।
आरोप है कि स्कूल में दाखिला कराने के बजाय दोनों महिलाएं उसे विधायक भूषण बाड़ा के रांची स्थित सरकारी आवास पर ले गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वहां उससे घरेलू काम कराया जाता था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 अगस्त की दोपहर जब वह विधायक को पानी देने के लिए आवास की ऊपरी मंजिल पर गई, तब विधायक ने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया।
हटिया के डीएसपी नीरज कुमार ने शुक्रवार को बताया था कि विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और किशोर न्याय (Juvenile Justice-JJ) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।