राष्ट्रीय

V.D. Satheesan: केरल के सीएम वीडी सतीशन आज विधानसभा में बजट करेंगे पेश, जानें राज्य पर कितना है कर्ज

Kerala: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन आज विधानसभा में अपनी सरकार का पहला बजट पेश करेंगे। वित्तीय चुनौतियों, बढ़ते कर्ज, विकास योजनाओं, सामाजिक कल्याण, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे पर सरकार का फोकस रहेगा। बजट से राज्य की आर्थिक दिशा और नई यूडीएफ सरकार की प्राथमिकताओं की तस्वीर स्पष्ट होगी।

2 min read
Jun 19, 2026
Kerala Chief Minister V.D. Satheesan
केरल मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन

Kerala CM V.D. Satheesan: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी.सतीशन शुक्रवार को राज्य विधानसभा में अपनी सरकार का पहला बजट पेश करेंगे। यह बजट इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि मई 2026 में सत्ता में आई यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार का यह पहला वित्तीय दस्तावेज होगा, जो राज्य की आर्थिक दिशा और विकास प्राथमिकताओं की झलक देगा। मुख्यमंत्री सतीशन पहले ही संकेत दे चुके हैं कि राज्य गंभीर वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहा है और सीमित संसाधनों के बीच विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त राजस्व स्रोत तलाशने होंगे। उन्होंने कहा है कि यह एक संशोधित बजट होगा, इसलिए सरकार को मौजूदा वित्तीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फैसले लेने पड़ेंगे।

जानें डिटेल्स


हाल ही में विधानसभा में पेश किए गए राज्य के वित्तीय श्वेत पत्र के अनुसार, केरल पर कुल देनदारियां लगभग 5.07 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी हैं, जो राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) का लगभग 35.5 प्रतिशत है। सरकार का कहना है कि इस स्थिति में वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास और कल्याणकारी योजनाओं के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?


एक्सपर्ट्स का मानना है कि बजट में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचा, रोजगार सृजन और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमिता और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने के संकेत भी दिए हैं। यह बजट राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसके माध्यम से नई यूडीएफ सरकार अपनी आर्थिक सोच और शासन मॉडल को जनता के सामने रखेगी। विधानसभा में बजट पेश होने के बाद विभिन्न क्षेत्रों के लिए आवंटन, नई घोषणाएं और कर संबंधी प्रस्तावों पर सभी की नजर रहेगी।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली थी बंपर जीत


आपको बता दें कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन स्वयं वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं और उनके द्वारा पेश किया जाने वाला यह पहला बजट आगामी वर्षों के लिए केरल की आर्थिक नीति की दिशा तय करने वाला डॉक्यूमेंट माना जा रहा है। केरल में चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस की सरकार बनी है। कांग्रेस आलाकमान ने वी. डी. सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री बनाया था। विधानसभा चुनाव में बंपर जीत कांग्रेस को मिली थी।

Updated on:
19 Jun 2026 05:48 am
Published on:
19 Jun 2026 05:47 am