
Gujarat Advocate Arrested: गुजरात के सूरत से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत और न्याय व्यवस्था दोनों को शर्मसार कर दिया है। दरअसल एक वकील पर उसी 13 साल की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा है, जिसके पुराने दुष्कर्म मामले में वह परिवार की कानूनी मदद कर रहा था। आरोपी वकील ने गरीबी का फायदा उठाते हुए बच्ची को अपने घर के काम के बहाने बुलाया और उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी प्रणयराज रणवीर (43) को गिरफ्तार कर लिया। वह धोलका तालुका के एक गांव का रहने वाला है और दिंडोली क्षेत्र में वकालत की प्रैक्टिस करता था।
आपको बता दें कि पीड़ित लड़की के माता-पिता मजदूरी करते हैं। लड़की के पहले दुष्कर्म मामले की सुनवाई चल रही थी, तब परिवार ने प्रणयराज रणवीर से कानूनी मदद मांगी। वकील ने 15 हजार रुपये फीस मांगी। पैसे न होने पर आरोपी ने प्रस्ताव रखा कि लड़की उसके घर के काम करेगी, बदले में वह पूरा केस संभाल लेगा। जब बच्ची उसके घर गई, तो आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने बच्ची को धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो पुराना केस बिगाड़ देगा। पुलिस ने सोमवार को शिकायत दर्ज की और मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ POCSO एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह लड़की सितंबर 2025 में किडनैप हुई थी। नवंबर 2025 में पुलिस ने उसे रेस्क्यू किया था। उस समय वह महज 12 साल की थी। पुलिस जांच में दो आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, दोनों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसी मामले में लड़की के पिता ने प्रणयराज रणवीर को प्राइवेट वकील के रूप में नियुक्त किया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रणयराज रणवीर पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें पत्नी से दहेज मांगने और क्रूरता का केस, अहमदाबाद और सूरत के विभिन्न थानों में शराबबंदी उल्लंघन और कई गंभीर आरोप शामिल है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। घटना का क्रम, सबूत और अन्य पहलुओं की छानबीन जारी है।