ओडिशा के जाजपुर जिले में एक युवक पर शादी का झूठा वादा कर एक लड़की के साथ कई महीनों तक बलात्कार करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने एसपी से मुलाकात कर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
ओडिशा के जाजपुर जिले में दुष्कर्म की घटना हुई है। 27 साल के एक युवक के खिलाफ मंगलपुर पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उसने शादी का झूठा वादा करके एक लड़की के साथ कई महीनों तक बार-बार बलात्कार किया।
आरोपी की पहचान नीलकंठपुर गांव के हिमांशु मलिक के रूप में हुई है। 24 वर्षीय पीड़िता ने रेप के मामले को लेकर जाजपुर के एसपी यश प्रताप श्रीमल से भी मुलाकात की। उसने शिकायत के बावजूद पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें
पुलिस के हवाले से 'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में बताया गया कि महिला सोशल मीडिया के जरिये आरोपी के साथ संपर्क में आई थी। बाद में दोनों के बीच दोस्ती हुई। फिर अफेयर शुरू हो गया।
इसके बाद, हिमांशु ने पीड़िता से शादी करने का वादा किया। फिर कई महीनों तक महिला के साथ संबंध बनाता रहा। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि वह आरोपी पर लगातार शादी के लिए दबाव बनाती रही, लेकिन वह हमेशा टाल देता था।
इस महीने की शुरुआत में पीड़िता ने फिर शादी करने के बारे में बात की, तब आरोपी ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद, वह बुधवार को मंगलपुर थाने पहुंच गई। जहां मामला दर्ज होने के बाद आरोपी पर कार्रवाई नहीं की है।
इसके बाद, निराश होकर महिला सीधे एसपी के पास पहुंच गई, जिन्होंने शिकायत सुनने के बाद तुरंत मामले को संज्ञान में लिया।
अब पुलिस की तरफ से कहा गया है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ओडिशा में 1 सितंबर से 21 सितंबर तक रेप से जुड़ी कई दर्दनाक घटनाएं हुई हैं। हाल ही में कंधमाल जिले में कक्षा 9 की छात्रा को शाम को लिफ्ट देने के बहाने कार में बिठाया और बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
इसके अलावा, एक गायिका को संगीत प्रोजेक्ट का लालच देकर लॉज में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया गया और सामूहिक बलात्कार किया गया। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई।