राष्ट्रीय

नवरात्रि से पहले माता वैष्णो के भक्तों के लिए बड़ी खबर, श्रद्धालु नहीं कर पाएंगे मां के दर्शन

Vaishno Devi Yatra: कटरा क्षेत्र में हाल ही में हुए भूस्खलन ने यात्रा मार्ग को बुरी तरह प्रभावित किया है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, मार्ग अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है।

2 min read
Sep 13, 2025
माता वैष्णो देवी (Photo-IANS)

Mata Vaishno Devi Yatra postponed: शारदीय नवरात्रि 22 सितंबर (सोमवार) से शुरू होने जा रहे है। नवरात्रि से पहले माता वैष्णो को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को भारी बारिश और भूस्खलन के कारण फिर से स्थगित कर दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 14 सितंबर से अगले आधिकारिक आदेश तक यात्रा पर रोक लगा दी है। यह निर्णय भवन और यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही भारी वर्षा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। श्राइन बोर्ड ने भक्तों से धैर्य बनाए रखने और अगले आदेश की प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया है।

ये भी पढ़ें

PM मोदी की भूपेन हजारिका को भावुक श्रद्धांजलि, गुवाहाटी में कही ये दिल छूने वाली बात

भारी बारिश और भूस्खलन बनी आफत

उत्तर भारत में मानसून की विदाई से पहले हो रही भारी बारिश ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है। कटरा क्षेत्र में हाल ही में हुए भूस्खलन ने यात्रा मार्ग को बुरी तरह प्रभावित किया है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, मार्ग अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इससे पहले 26 अगस्त को भी इसी कारण यात्रा को रोका गया था। रविवार (14 सितंबर) को यात्रा फिर शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन शनिवार देर शाम बोर्ड ने इसे स्थगित करने का ऐलान कर दिया।

श्राइन बोर्ड ने जारी किया बयान

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, अभी धाम का मार्ग पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है, जिसके कारण एक बार फिर से यात्रा को स्थगित करने का आदेश दिया गया है। बोर्ड ने भक्तों से अनुरोध किया है कि वे अगले आधिकारिक आदेश की प्रतीक्षा करें। यात्रा मार्ग पर लगातार मरम्मत कार्य चल रहे हैं, और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सुरक्षा प्रोटोकॉल सख्त कर दिए गए हैं। बोर्ड ने यात्रियों को वैकल्पिक तारीखों पर आने की सलाह दी है, लेकिन पुनः शुरू होने की कोई निश्चित तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।

श्रद्धालुओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रभाव

यात्रा स्थगित होने से हजारों श्रद्धालु निराश हैं, जो माता के दर्शन के लिए कटरा पहुंच चुके थे। कई भक्तों ने सोशल मीडिया पर अपनी मायूसी जाहिर की है। इसके अलावा, कटरा के दुकानदारों, होटल संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है, क्योंकि उनकी आजीविका यात्रियों पर निर्भर है। स्थानीय व्यापारियों ने बोर्ड से शीघ्र मार्ग बहाल करने की मांग की है।

मौसम का व्यापक प्रभाव

मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में 13-19 सितंबर तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जिससे कई तीर्थ स्थलों पर यात्रा प्रभावित हो रही है।

Published on:
13 Sept 2025 09:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर