राष्ट्रीय

रक्षक ही बने भक्षक: विक्षिप्त महिला को रात में जेल के अंदर खींचकर ले गए, गैंगरेप किया, अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती

Woman gang-raped in Assam: असम के श्रीभूमि जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। जिले की जेल में तैनात दो प्रहरी (वार्डन) पर विक्षिप्त महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है।

2 min read
जेल (प्रतीकात्मक फोटो)
जेल (प्रतीकात्मक फोटो)

Woman gang-raped in jail: असम के श्रीभूमि जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दो जेल प्रहरियों ने रात के अंधेरे में एक मानसिक रूप से बीमार और बेघर महिला को जिला जेल परिसर में घसीटकर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। घटना शनिवार रात 1:30 बजे की है। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की पहचान हरेश्वर कलिता और गजेन्द्र कलिता के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।

दोनों जेल प्रहरी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरेश्वर कलिता और गजेन्द्र कलिता के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच है और वे गुवाहाटी के पनजबाड़ी और बोरागांव इलाकों के रहने वाले हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें संदिग्ध गतिविधियों में देखा और मौके पर ही धर दबोचा।

नाजुक हालत में अस्पताल में कराया भर्ती

पीड़िता मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बेघर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अकेली सड़कों पर भटक रही थी, और इसी का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। महिला को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जांच जारी, न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रणबज्योति कलिता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जेल जैसी सुरक्षा व्यवस्था वाली जगहों पर भी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। प्रशासन पर अब इस मामले में सख्त कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का दबाव है।

Published on:
24 May 2025 05:39 pm