
फाइल फोटो- पत्रिका
IRCTC new Website: आईआरसीटीसी वेबसाइट पर कैप्चा, लॉगिन और टिकट बुकिंग से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे 15 जुलाई तक नया और उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट में यूजर इंटरफेस को अधिक सरल बनाया जाएगा, सर्वर क्षमता बढ़ाई जाएगी और विशेष रूप से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट की गति तथा स्थिरता में सुधार किया जाएगा। यह पहल जयपुर स्थित एमएनआईटी में एक छात्रा लाभिषा मीणा की शिकायत के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर शुरू हुई। मंत्री के निर्देश के बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित छात्रा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद किया। बैठक में छात्रा से प्रस्तावित वेबसाइट के प्रोटोटाइप पर सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी गईं।
रेल मंत्रालय के अनुसार नई वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक तेज, सरल और भरोसेमंद बनाना है। इसके तहत लॉगिन और कैप्चा प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा, वेबसाइट की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाई जाएगी तथा पीक आवर्स और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को संभालने के लिए तकनीकी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। वेबसाइट का डिजाइन भी अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जाएगा ताकि यात्रियों को टिकट बुकिंग, पीएनआर जांच और अन्य सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिल सके।
हाल ही एमएनआईटी जयपुर में वैष्णव के छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने आईआरसीटीसी वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के समय आने वाली तकनीकी समस्याओं का मुद्दा उठाया था। छात्रा ने बताया था कि कई बार वेबसाइट की धीमी गति और बार-बार आने वाले सत्यापन चरणों के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। इस पर रेल मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर वेबसाइट का व्यापक सुधार करने के निर्देश दिए थे।
छात्रा लाभिषा मीणा ने बैठक के बाद में 'एक्स' पर रेलवे बोर्ड की सक्रियता की सराहना करते हुए लिखा कि उसकी शिकायत पर अगले ही दिन अधिकारियों ने संपर्क कर नई वेबसाइट के प्रोटोटाइप पर सुझाव मांगे। उसने इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया। यह देखकर अच्छा लगा कि नागरिकों की प्रतिक्रिया को गंभीरता से लिया जा रहा है।
Updated on:
15 Jun 2026 03:20 am
Published on:
15 Jun 2026 03:20 am
