राष्ट्रीय

Gujarat Scrap Yard Blast: गुजरात के नखत्राणा में स्क्रैप यार्ड में जोरदार धमाका, दो भाइयों और उनके बच्चों समेत 4 की मौत

Gujarat Blast: गुजरात के कच्छ जिले के नखत्राणा में स्क्रैप यार्ड में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो भाइयों और उनके दो बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
2 min read
Scrap Yard Blast
गुजरात के नखत्राणा में स्क्रैप यार्ड में धमाका(फोटो-X/@EastKutch_PC)

Nakhatrana Scrap Yard Blast: गुजरात के कच्छ जिले के नखत्राणा में शनिवार को एक स्क्रैप यार्ड में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनके दो बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे में दो भाइयों और उनके दो बच्चों की एक साथ मौत होने से परिवार में मातम छा गया। घटना की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कबाड़ उतारते समय हुआ धमाका

हादसा संत कृपा होटल के पीछे स्थित एक स्क्रैप यार्ड में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई अपने पिकअप मिनी ट्रक से कबाड़ उतार रहे थे। इसी दौरान वाहन के डीजल टैंक में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय दोनों भाइयों के बच्चे भी मौके के पास मौजूद थे और विस्फोट की चपेट में आ गए। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं

धमाके की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद नखत्राणा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ एसओजी और एलसीबी की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मिनी ट्रक के डीजल टैंक में विस्फोट आखिर किस वजह से हुआ।

धमाके की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट के कारणों की जांच पूरी होने के बाद ही इसकी सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। पश्चिम कच्छ के एसपी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। फिलहाल जांच का मुख्य फोकस धमाके की वजह पता लगाने और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने पर है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ यह भी पता लगाने में लगी है कि स्क्रैप यार्ड में मौजूद मिनी ट्रक के डीजल टैंक में किस परिस्थिति में विस्फोट हुआ।

Updated on:
22 Aug 2026 08:21 pm
Published on:
22 Aug 2026 07:31 pm