राष्ट्रीय

SIM Card Rules: आज से बदल गया SIM कार्ड का नियम, ज्यादा कनेक्शन रखने वालों पर होगी कार्रवाई

India SIM Card Rules: भारत में नए SIM कार्ड नियम आज से लागू हो गए हैं। जानिए अब एक व्यक्ति अधिकतम कितने सिम कनेक्शन रख सकेगा?
2 min read
Aug 24, 2026
india new sim card rule
नए SIM कार्ड नियम आज से लागू। अब 9 से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन नहीं ले पाएंगे। (सोर्स: आईएएनएस)

India SIM Card Rules Latest Update: अगर आपके नाम पर कई मोबाइल नंबर चल रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने SIM कार्ड को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियम सोमवार यानी आज से लागू हो गए हैं। अब एक व्यक्ति अपने नाम पर तय सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन नहीं रख सकेगा।

इसकी सीमा 9 मोबाइल कनेक्शन तय की गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, असम और उत्तर-पूर्व के कुछ राज्यों में यह सीमा 6 कनेक्शन है। नए नियम का मकसद मोबाइल कनेक्शन के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाना और फर्जी SIM के मामलों को कम करना है।

एक व्यक्ति के नाम पर कितने SIM?

नए नियमों के मुताबिक, सामान्य क्षेत्रों में किसी व्यक्ति के नाम पर अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन हो सकते हैं। अगर किसी के नाम पर पहले से ही 9 कनेक्शन हैं, तो वह नया मोबाइल नंबर नहीं ले पाएगा। वहीं जम्मू-कश्मीर, असम और उत्तर-पूर्व के क्षेत्रों में नियम और सख्त है। यहां एक व्यक्ति के नाम पर अधिकतम 6 मोबाइल कनेक्शन की अनुमति होगी।

दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे ग्राहकों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं, जिनके नाम पर तय सीमा के आसपास या उससे ज्यादा कनेक्शन मौजूद हैं।

नए SIM के लिए देनी होगी जानकारी

बता दें अब नया मोबाइल कनेक्शन लेते समय ग्राहक को 'कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म' (CAF) में जरूरी जानकारी देनी होगी। इसमें यह बताना होगा कि उसके नाम पर पहले से कितने मोबाइल कनेक्शन मौजूद हैं। ये कनेक्शन अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के हो सकते हैं। अलग-अलग राज्यों या सर्विस एरिया में लिए गए नंबर भी इसमें शामिल होंगे।

इस पूरी प्रक्रिया में दूरसंचार विभाग के डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) की भी मदद ली जाएगी। यह सिस्टम उन ग्राहकों की पहचान करने में टेलीकॉम कंपनियों की मदद करेगा, जिनके नाम पर कनेक्शन की सीमा पूरी हो चुकी है।

सीमा से ज्यादा SIM पर क्या होगा?

अगर किसी व्यक्ति के नाम पर तय सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन पाए जाते हैं, तो ऐसे नंबरों पर कार्रवाई हो सकती है। DIP के जरिए टेलीकॉम कंपनियों को संबंधित ग्राहकों की पहचान करने में मदद मिलेगी। विभाग ऐसे सब्सक्राइबर्स की फोटो भी उपलब्ध कराएगा, जो अधिकतम कनेक्शन सीमा तक पहुंच चुके हैं।

टेलीकॉम कंपनियां इस जानकारी के आधार पर ग्राहक की पहचान कर सकेंगी। अगर तय सीमा से ज्यादा कोई नया कनेक्शन एक्टिवेट हो जाता है, तो उसे सस्पेंड किया जा सकता है। यह सस्पेंशन तब तक जारी रह सकता है, जब तक अतिरिक्त मोबाइल कनेक्शन से जुड़ा मामला सुलझ नहीं जाता। यानी अब मोबाइल कनेक्शन लेने से पहले यह देखना जरूरी होगा कि आपके नाम पर पहले से कितने SIM एक्टिव हैं। नए नियमों के बाद एक व्यक्ति के नाम पर तय सीमा से ज्यादा नंबर रखना आसान नहीं होगा।

Updated on:
24 Aug 2026 12:39 pm
Published on:
24 Aug 2026 12:39 pm