
PM Narendra Modi Message on Amarnath Yatra: श्रीनगर/जम्मू। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन मुहूर्त पर हुई प्रथम पूजा के उपरांत, आज बाबा बर्फानी के दर्शन की विश्वप्रसिद्ध श्री अमरनाथ जी यात्रा का औपचारिक और भव्य आगाज हो गया है। देश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उमंग के बीच, देश के प्रधान नरेंद्र मोदी ने सभी तीर्थयात्रियों को 'हर-हर महादेव' और जय बाबा बर्फानी के उद्घोष के साथ अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को सनातन संस्कृति की अटूट परंपरा का जीवंत अध्याय और भारत की विविधता में एकता का सर्वोत्कृष्ट प्रतीक बताया है।
अपने विशेष संदेश में प्रधानमंत्री ने इस बात को पुरजोर तरीके से रेखांकित किया कि कैसे अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और विविध पृष्ठभूमियों से आने वाले लोग महादेव के दर्शन के एक साझा संकल्प के साथ एकाकार हो जाते हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के स्थानीय नागरिकों के आतिथ्य भाव और देश भर से आए भंडारा संचालकों की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यही 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के महान आदर्श की सजीव अभिव्यक्ति है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र जारी करते हुए संकल्प बताए हैं। उन्होंने बताया कि पहला संकल्प - हम अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के नियमों का पालन करें और पूरे यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। दूसरा संकल्प - हम प्रशासन के सभी आदेशों, यातायात के नियमों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें। यात्रा के दौरान बारिश की वजह से फिसलन और ठंड का विशेष ध्यान रखें।
तीसरा संकल्प - हम ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना से यात्रा के खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत उपयोग स्थानीय उत्पादों को खरीदने में करें। इससे जम्मू-कश्मीर के परिवारों और युवाओं की आजीविका को भी बल मिलेगा। चौथा संकल्प - हम बाबा अमरनाथ यात्रा के समापन दिवस, अर्थात् रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट करें और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाएं। पांचवां संकल्प - हम राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पूरे वर्ष अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।