Weather Update: IMD ने देशभर के लिए ताजा मौसम बुलेटिन जारी किया है, जिसमें कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट दिया गया है।
IMD Weather Update India: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के लिए ताजा मौसम बुलेटिन जारी किया है, जिसमें कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट दिया गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है।
विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक दिल्ली-NCR रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसको लेकर IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। विभाग ने बताया कि 3 अप्रैल तक लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने पंजाब में 29-30 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा 31 मार्च से 3 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा। चंडीगढ़ में भी दो दिन का बारिश अलर्ट जारी किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास रहेगा।
IMD ने हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में भी आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। 30 मार्च को कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में 29-30 मार्च को ओलावृष्टि की भी संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है। 30-60 किमी/घंटा की रफ्तार से भी हवा चलने की बात कही गई है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम बदलेगा। मणिपुर के सभी 16 जिलों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है, जिसका असर 29 से 31 मार्च के बीच सबसे ज्यादा रहेगा।