
Pune Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। 3 जुलाई को पुलिस ने मामले के दोनों आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को कोर्ट के सामने पेश किया था, जहां पुलिस ने रिमांड तीन दिन और बढ़ाने की मांग की। पुलिस ने रिंमांड बढ़ाने के कारण बताते हुए कहा कि कि अभी मामले की जांच पूरी नहीं हुई है और अभी कुछ जरूरी बातें पता लगानी बाकी है। आगे पुलिस ने कोर्ट में खुलासा किया कि उनको मोबाइल से सिया और चेतन की सीक्रेट चैट भी हाथ लगी है, लेकिन अभी तक वह उस चैट से कुछ समझ नहीं पाएंगे। पुलिस का कहना है कि उन चैट्स से सच सामने आ सकता है।
सरकारी वकील ने कोर्ट को बताया कि जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से कई चैट मिली हैं। इन चैट्स में सीधे-सीधे बात करने की जगह कोड वर्ड, निकनेम और अलग-अलग इमोजी का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन बातों का असली मतलब सिर्फ सिया गोयल और चेतन चौधरी ही बता सकते हैं। इसी वजह से दोनों से आगे पूछताछ की जरूरत बताई गई थी।
हालांकि बचाव पक्ष ने पुलिस की मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि पूछताछ के लिए पुलिस को पहले ही काफी समय दिया जा चुका है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस की मांग को खारिज कर दिया। इसके बाद कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल का एक और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस फोन को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है, ताकि उसमें मौजूद डेटा की अच्छे से जांच की जा सके। वहीं पहले जो मोबाइल जब्त किया गया था, उसकी फोरेंसिक रिपोर्ट पुलिस को मिल चुकी है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि डिजिटल सबूतों से हत्या की साजिश की गुत्थी सुलझाई जा सकती है।
सरकारी पक्ष ने कोर्ट को बताया कि पुलिस ने उस जगह का भी पंचनामा किया है, जहां सिया गोयल पर केतन अग्रवाल का पासपोर्ट मुंबई जाते समय फेंकने का आरोप है। इसके अलावा उस स्थान की भी जांच की गई है, जहां कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई थी और उसकी तैयारी की गई थी। पुलिस अब इन सभी जगहों से मिले सबूतों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां मिलाने और समझने की की कोशिश कर रही है।
आपको बता दें, केतन अग्रवाल की हत्या 18 जून को लोहगढ़ की एक पहाड़ी से धक्का मारने से हुई थी। मामले में हत्या का आरोप केतन की मंगेतर सिया गोयल और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी पर है। जानकारी के अनुसार केतन और सिया की शादी भी होने वाली थी। इसके लिए उन्होंने 17 करोड़ का पैलेस बुक किया था लेकिऩ शादी से पहले ही दोनों आरोपियों ने साजिश के तहत केतन को मौत के घाट उतार दिया।