राष्ट्रीय

पंजाब कांग्रेस नेता की दर्दनाक मौत, दिल्ली से लौटते वक्त ट्रक से जोरदार टक्कर, ड्राइवर की भी गई जान

Congress Leader Death: पंजाब कांग्रेस नेता खुशबाज जटाना की सोनीपत में सड़क हादसे में मौत हो गई, जब पंचर ठीक कराते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। उनके ड्राइवर की भी मौके पर मौत हुई, जबकि गनमैन गंभीर रूप से घायल है।

less than 1 minute read
कांग्रेस नेता खुशबाज जटाना की मौत (X)

Congress Leader khushbaz jattana Death: हरियाणा के सोनीपत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुशबाज जटाना और उनके ड्राइवर परमिंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जखोली टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी डिफेंडर गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

पंचर ठीक कराते टाइम हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, जटाना दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद वे सड़क किनारे खड़े होकर पंचर ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिफेंडर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

आरोपी ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने ट्रक की पहचान कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल गनमैन को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस के सक्रिय नेता थे जटाना

45 वर्षीय खुशबाज जटाना कांग्रेस की बठिंडा ग्रामीण जिला इकाई के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2017 और 2022 में तलवंडी साबो विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत कई वरिष्ठ नेता सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचे और जटाना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक ऊर्जावान और उभरते हुए युवा नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है।

Also Read
View All

अगली खबर