
Himani Mittal Instagram: राजस्थान के आबू रोड की रहने वाली 30 वर्षीय हिमानी मित्तल की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मारवाड़ी परिवार से आने वाली हिमानी ने कभी 9 से 5 की नौकरी नहीं की। उन्होंने छह बार अपना करियर बदला, स्पेन में तीन साल बिताए और पूरे यूरोप की यात्रा की। अब वह शादी और करियर को लेकर समाज की तय सोच से अलग अपनी शर्तों पर जिंदगी जी रही हैं।
हिमानी एक मध्यमवर्गीय मारवाड़ी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। हिमानी को बहुत ही कम उम्र में यह अहसास हो गया था कि अगर उन्हें अपने फैसलों की आजादी चाहिए, तो सबसे पहले आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना पड़ेगा। इसी सोच के साथ उन्होंने सिर्फ 21 साल की उम्र से स्पेनिश भाषा पढ़ाना शुरू किया, जबकि वह खुद भी उस वक्त उस भाषा को सीख ही रही थी। जब साल 2020 में कोविड-19 महामारी की वजह से स्थितियां बदलीं, तब 23 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने काम को पूरी तरह से डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर लिया। इस फैसले से उन्हें कमाई जारी रखने और नए मौके तलाशने का पूरा मौका मिला।
फिल्म मेकिंग में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद 25 साल की उम्र में हिमानी स्पेन चली गई। वहां उन्होंने तीन साल तक अंग्रेजी पढ़ाई। इस दौरान उन्होंने पूरे यूरोप की यात्रा की और अलग-अलग तरह के लोगों से मिलीं। इन मुलाकातों ने उनके जीवन के प्रति नजरिए को पूरी तरह बदलकर रख दिया। हिमानी का मानना है कि करियर, रिश्तों या निजी जिंदगी में सफलता पाने की कोई एक तय समय-सीमा नहीं होती। दो साल पहले जब वे भारत वापस लौटी, तो उन्होंने ठान लिया कि वे समाज के बनाए नियमों के बजाय सिर्फ अपनी प्राथमिकताओं पर जीएंगी।
पारंपरिक रास्ते पर चलकर शादी करने और घर बसाने के बजाय हिमानी ने सोलो ट्रैवलिंग, पर्सनल ग्रोथ और अपने करियर पर ध्यान देना बेहतर समझा। बीते वर्षों में दिल्ली में रहने के बाद हाल ही में वे केरल शिफ्ट हुई हैं। अब वे एक कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम करती हैं और सोलो ट्रैवलिंग, रोजमर्रा की जिंदगी में छोटी-छोटी खुशियां तलाशने और बिना किसी तुलना के अपने फैसले खुद लेने जैसे विषयों पर लोगों को गाइड़ करती हैं। 30 की उम्र में भी नई शुरुआत करने से वे हिचकिचाती नहीं हैं, बल्कि इसे जीवन का एक नया और खूबसूरत मोड़ मानती हैं।
30 की उम्र के पड़ाव पर जो लोग खुद को भटका हुआ महसूस करते हैं और समाज के दबाव में रहते हैं, उनकी मदद के लिए हिमानी ने इंस्टाग्राम पर 'SF चैलेंज' नाम से एक सीरीज शुरू की है। इसके माध्यम से वे उन युवाओं से जुड़ रही हैं जो समाज की उम्मीदों के बोझ तले दबे हैं और फिर से एक नई शुरुआत करना चाहते हैं। इंटरनेट पर उनकी इस यात्रा को लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है। कई यूजर्स कमेंट्स के जरिए उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी कहानी ने उन्हें भी अपनी खुशी तलाशने और आजाद सोच के साथ आगे बढ़ने का हौसला दिया है।