
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची में छात्रों का सत्याग्रह शुक्रवार को 21वें दिन भी जारी है। इस बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आंदोलन को कमजोर करने और इसकी दिशा मोड़ने का बड़ा आरोप लगाया है। अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो ने अपने संदेश में कहा कि कुछ लोग आंदोलन शुरू होने के महीने भर बाद इसे तोड़ने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन छात्र किसी के बहकावे में न आएं और अपनी एकजुटता बनाए रखें।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हमारे इस आंदोलन की ताकत की वजह से ही आज सरकार बैकफुट पर आई है। जांच कमेटी गठित हुई है और कार्रवाई हो रही है। सरकार सकारात्मक रुख अपनाते हुए हमारी बातों को सुन भी रही है, लेकिन हमारा लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है। पूरा न्याय मिलना अभी बाकी है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन शुरू होने के लगभग 29-30 दिनों बाद अब कुछ तत्व इसे भटकाने की कोशिश में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि समय आने पर वे ऐसे तमाम चेहरों का पर्दाफाश करेंगे और सारे खुलासे करेंगे। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि भोले-भाले छात्रों से मेरा आग्रह है कि कृपया इस आंदोलन को न भटकाएं और न ही किसी को भटकाने दें। परिस्थिति चाहे जो भी हो, आंदोलन को बचाकर रखना है। एकजुट रहें, क्योंकि हमारी ताकत हमारी एकता में ही है। उन्होंने कहा कि मैंने अस्पताल प्रबंधन से भी जल्द डिस्चार्ज करने का आग्रह किया है। बहुत जल्द मैं आप लोगों के बीच उपस्थित रहूंगा।
वहीं, सदर अस्पताल में इलाजरत अनशनकारी छात्रा उम्मे हबीबा ने भी वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि हम बेहद तकलीफ में हैं। हम सभी आपके ही बच्चे हैं। हमारी बातें सुनिए। हमें यकीन है कि आप बातचीत करेंगे तो हमारी समस्याओं का हल निकल आएगा। जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन पर बैठी हबीबा की तबीयत बीते मंगलवार को बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।