
Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच चर्चित आरजी कर मेडिकल एंड हॉस्पिटल रेप-मर्डर केस एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। बीजेपी ने पीड़िता की मां को पानीहाटी सीट से प्रत्याशी बनाया है। टिकट मिलने के बाद पीड़िता के माता-पिता की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
पीड़िता के माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी को सिर्फ बीजेपी ही न्याय दिला सकती है। प्रदेश में बीजेपी के राज में ही महिलाओं की सुरक्षा होगी।
पीड़िता की मां ने दावा किया कि बीजेपी से पहले उनसे कई पार्टियों ने संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी ने भी उन्हें ऑफर दिया था। अब उन्होंने खुद बीजेपी से टिकट लेकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं राजनीति में सत्ता के लिए नहीं, बल्कि अपनी बेटी के लिए न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के लिए आई हूं। अगर मैं जीतती हूं तो यह पनिहाटी के लोगों की जीत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बदलाव जरूरी है और अब समय आ गया है कि कमल पूरे बंगाल में खिले।
वहीं पीड़िता डॉक्टर के पिता की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पत्नी दोनों मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे और टीएमसी के खिलाफ लोगों के बीच जाएंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर पार्टी कहे तो वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भी प्रचार करने को तैयार हैं।
9 अगस्त 2024 को अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग के सेमिनार हॉल में 26-वर्षीय महिला डॉक्टर का शव मिला था। इस घटना ने पूरे देश में गुस्सा भड़का दिया था और महीनों तक डॉक्टरों, छात्रों और आम लोगों ने सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग की।
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।