
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए मंत्री गुलाबराव पाटिल के बयान को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। राउत ने आरोप लगाया कि गुलाबराव पाटिल ने धमकी भरे अंदाज में कहा है कि यदि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने के रास्ते में कोई आया, तो उसे मिटा दिया जाएगा। संजय राउत ने कहा कि राज्य सरकार में मंत्री की ओर से इस तरह का बयान दिए जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस क्या कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि गुलाबराव पाटिल देवेंद्र फडणवीस के मंत्रिमंडल के सदस्य हैं।
संजय राउत ने आगे कहा कि फडणवीस के मंत्रिमंडल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोग बैठे हैं। वे किसे खत्म करेंगे? देवेंद्र फडणवीस को? मुख्यमंत्री को? यह एक धमकी है। उन्होंने फडणवीस सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि क्या आप लॉरेंस बिश्नोई गैंग से डरते हैं? राउत ने कहा कि फडणवीस राज्य के गृह मंत्री भी हैं और उन्हें अपने राज्य तथा मंत्रिमंडल में हो रही घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए। राउत ने कहा कि यदि गुलाबराव पाटिल की ओर से इस तरह की धमकी दी गई है, तो मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते देवेंद्र फडणवीस को इस पर जवाब देना चाहिए।
शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री गुलाबराव पाटिल ने मंगलवार को जलगांव में दशहरा रैली के मंच से बोलते हुए कहा था कि मैंने माता जगदंबा के चरण छुए हैं और प्रार्थना की है कि आने वाले दिनों में एकनाथ शिंदे फिर से इस राज्य के मुख्यमंत्री बनें और हमारे किसानों के जीवन में खुशहाली लाएं। उन्होंने रैली में कहा था कि जो कोई भी एकनाथ शिंदे से टकराएगा, वह बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा था कि आप लोगों के आशीर्वाद से, हमारे नेता एकनाथ शिंदे निश्चित रूप से फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। किसान उम्मीद भरी नजरों से हमारी ओर देख रहे हैं, और हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि हम आपके साथ खड़े रहेंगे और आपके विजन को पूरा करेंगे। जो कोई भी एकनाथ शिंदे के रास्ते में आएगा, वह बर्बाद हो जाएगा।