Shashi Tharoor Statement: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि पार्टी को यह समझना होगा कि केरल में कैसे सफलता मिली है और उसी मॉडल को अन्य राज्यों में भी कैसे लागू किया जा सकता है।
Assembly Election Result: हाल ही में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अपनी रणनीति पर गंभीर आत्ममंथन करने की जरूरत बताई है। साथ ही इस दौरान बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पार्टी को यह समझना होगा कि केरल में कैसे सफलता मिली है और उसी मॉडल को अन्य राज्यों में भी कैसे लागू किया जा सकता है। उन्होंने केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत को एक बड़ी उपलब्धि माना है। दरअसल, प्रदेश में UDF ने 10 साल बाद सत्ता में वापसी की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद ने यह भी स्वीकार किया है कि पार्टी का असम, बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में प्रदर्शन बहुत खराब रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को गंभीरता से चिंतन करने की जरूरत है। केरल में जो सही हुआ, उससे सीख लेकर हमें बाकी जगहों पर सुधार करना चाहिए।
हालांकि इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह की भी तारीफ की। थरुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की सफलता उनकी मजबूत संगठन क्षमता और पेशेवर चुनाव प्रबंधन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वे चुनाव संचालन में बेहद कुशल हैं, उनके पास मजबूत संगठन और संसाधन हैं। इनसे सीखने की जरूरत है। हालांकि, उम्मीद है कि उनका संदेश देश को जोड़ने वाला होगा, न कि बांटने वाला।
गौरतलब है कि बीजेपी ने इन चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने की स्थिति हासिल की है, जबकि असम में एनडीए ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।
वहीं तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीतकर पारंपरिक द्रविड़ पार्टियों को पीछे छोड़ दिया। दूसरी ओर, केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF ने बड़ी जीत हासिल की, जबकि पुडुचेरी में एनआर कांग्रेस (AINRC) गठबंधन ने अपनी सत्ता बरकरार रखी।