राष्ट्रीय

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से पहले 10 दिन तक रखी गई नजर, घर-जिम और फुटबॉल क्लब की रेकी

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू में फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले टाइगर के घर, जिम और फुटबॉल क्लब की रेकी की थी। मामले में साजिश और आरोपियों के हैंडलर्स की भूमिका की जांच जारी है।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Tiger Shroff car firing
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला (Photo-IANS)

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार को हुई फायरिंग मामले में पुलिस जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी घटना से दो सप्ताह से अधिक समय पहले मुंबई पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ के घर, जिम और उस जगह की रेकी की, जहां फायरिंग की गई थी।

पुलिस ने दावा किया कि आरोपियों ने हमले से करीब 10 दिन पहले से ही एक्टर टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों और उनके आने-जाने के समय पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

पुलिस ने यह भी बताया कि इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर पपराजी और ब्लॉगर्स की ओर से अपलोड किए गए वीडियो का भी इस्तेमाल किया। इन वीडियो के जरिए अभिनेता के नियमित रूप से आने-जाने वाली जगहों की पहचान की गई।

रविवार को फुटबॉल क्लब से निकलते समय हुई थी फायरिंग

बता दें कि एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की गई थी। उस समय अभिनेता फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया और गोलियां चलाई। इस घटना में ड्राइवर को चोटें लगी। 

आरोपियों ने की थी रेकी

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने जुहू स्थित फुटबॉल ग्राउंड की भी विस्तार से रेकी की थी। जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपियों को टाइगर श्रॉफ के हर रविवार को इस स्थान पर आने की जानकारी थी। इसी आधार पर उन्होंने क्लब से अभिनेता के कार में निकलने के समय हमले को अंजाम दिया।

WhatsApp और Signal के जरिए संपर्क में थे आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर वाट्सएप (WhatsApp) और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप के जरिए अपने हैंडलर्स के लगातार संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि वारदात वाली जगह की लोकेशन भी इन्हीं ऐप के माध्यम से आरोपियों के साथ शेयर की गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग थे और आरोपियों को किसने निर्देश दिए थे।

फायरिंग के बाद भागने का रास्ता भी था तय

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहले से तय किए गए भागने के रास्ते का इस्तेमाल किया। वे एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर गए। इसके बाद उन्होंने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी।

जांच के अनुसार, मोटरसाइकिल छोड़ने के बाद आरोपी ट्रेन में सवार होकर बोरीवली की ओर रवाना हुए। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका थी कि आरोपी महाराष्ट्र की सीमा पार कर फरार हो गए हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दूसरे स्थानों पर भी तलाश तेज कर दी।

Updated on:
19 Oct 2026 01:07 pm
Published on:
19 Oct 2026 12:53 pm