
Bengal Politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में अंदरूनी कलह सामने आने लगी है। इसी बीच बीजेपी सांसद सौमित्र ने बड़ा दावा किया है, जिससे प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। BJP सांसद ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के करीब 50 विधायक और 20 सांसद पार्टी से नाराज है। ये सभी बीजेपी में आने के लिए तैयार है।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि ये सभी विधायक और सांसद बीजेपी के संपर्क में है। यदि BJP आलाकमान से परमिशन मिल जाती है तो टीएमसी नाम की कोई पार्टी नहीं बचेगी। हर कोई भाजपा में आना चाहता है।
बता दें कि बीजेपी सांसद सौमित्र खान का बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी के कई पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है और सांसद काकोली घोष ने भी जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। काकोली ने नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है और अटकलें लगाई जा रही है कि वह जल्द ही सांसदी से भी इस्तीफा दे सकती है। मंगलवार को सांसद काकोली घोष और 6 अन्य विधायक सीएम शुभेन्दु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक बैठक में भी शामिल हुई। इसके बाद एक बार फिर से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
इस दौरान बीजेपी नेता सौमित्र खान ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी को पापी बताया। बीजेपी सांसद खान ने कहा कि पापियों को जेल जाना ही पडे़गा। आज उनके घर के सामने बुलडोजर खड़ा है। 2021 में उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर तुड़वाए थे।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटें हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं बीजेपी को 12 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। बीजेपी सांसद के 20 सांसदों के पाला बदलने के बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। दरअसल, पिछले दिनों ममता बनर्जी ने अपने नेताओं से इस्तीफा नहीं देने की अपील की थी, क्योंकि विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद लगातार टीएमसी पार्षद इस्तीफा दे रहे हैं।